Wednesday, 14 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

तीसरी आंख बन रही ‘पुलिस दीदी’ : 790 मनचलों पर हुई कार्रवाई, दूर हो रही छात्राओं-कामकाजी युवतियों की झिझक

INT News14 October 2026 at 06:45 am

Police Didi Bihar : बिहार में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को मजबूती देने के लिए शुरू की गई 'पुलिस दीदी' पहल सकारात्मक बदलाव की मिसाल पेश कर रही है. इस विशेष अभियान के तहत महिला पुलिस पदाधिकारी सीधे स्कूलों में जाकर छात्राओं से संवाद स्थापित कर रही हैं. इससे छात्राओं के मन से पुलिस को लेकर झिझक खत्म हो रही है और सुरक्षा को लेकर उनका आत्मविश्वास मजबूत हो रहा है.

बिहार की अन्य खबरें यहां क्लिक कर पढ़ें

अगस्त तक 790 मनचलों पर शिकंजा, 1040 टीमें गठित

महिला सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए गठित इस विशेष महिला विंग को ‘अभया ब्रिगेड’ के नाम से भी जाना जाता है. बिहार पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार इस विशेष टीम ने अगस्त महीने तक छेड़खानी के 790 आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है, जबकि विभिन्न थानों में 21 मामले भी दर्ज किए गए हैं.

राज्यभर में महिलाओं की पुख्ता सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना स्तर पर 1,040 टीमों का गठन किया गया है, जिनकी संख्या आगे और बढ़ाए जाने की संभावना है.

भोजपुर में छात्राओं संग हुआ संवाद

इसी क्रम में भोजपुर के बड़हरा थाना पुलिस की ओर से बिराहिमपुर करजा स्थित रामचंद्र सिंह 10+2 विद्यालय में ‘पुलिस दीदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में महिला पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं को रोजमर्रा की परिस्थितियों में सतर्क रहने, अपने अधिकारों को समझने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीके बताए. राज्य के विभिन्न स्कूलों में चल रहे इस अभियान से बेटियां कानूनी रूप से जागरूक और निडर बन रही हैं.

वहीं राजधानी पटना में पत्रकार नगर थाना की सब इंस्पेक्टर अंकिता कुमारी ने बताया कि महिलाओं के लिए यह विशेष अभियान है. किसी भी महिला को परेशानी होने पर टीम हमेशा उपलब्ध है, जिससे महिलाएं बिना डर व झिझक अपनी बात रख सकें.

क्या कहती हैं छात्राएं और युवतियां

जिया पांडेय (कक्षा 11 की छात्रा) : “स्कूल के बाहर तैनात पुलिस दीदी हमसे बात करती हैं और समस्याएं सुनती हैं. इससे हमारा डर बिल्कुल खत्म हो गया है. यह बेहद सराहनीय पहल है.”

मोनालिसा (कामकाजी युवती) : “बिहार में महिला सशक्तीकरण के काम को पुलिस दीदी की पहल और मजबूत बना रही है. सरकार की यह सोच महिलाओं के व्यापक हित में है.”

सूफिया नाज (छात्रा) : “पहले कॉलेज के आसपास मनचले दिखते थे, लेकिन अब वहां पुलिस दीदी नजर आती हैं. यही धरातल पर सबसे बड़ा बदलाव है.”

यह भी पढ़ें :

दशहरा-दिवाली पर बॉर्डर पर लेडी पुलिस रहेंगी तैनात, महिला शराब तस्करों के बढ़ते नेटवर्क को लेकर अलर्ट