समाचार · पंजाब
लुधियाना में गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग से चोरी:CCTV आया सामने; रेकी कर एक्टिवा की डिक्की से उड़ाए 2 पर्स,माथा टेकने गई थी मेकअप आर्टिस्ट और दोस्त
लुधियाना के मॉडल टाउन स्थित बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गई मेकअप आर्टिस्ट और उनकी दोस्त के साथ दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। एक अज्ञात चोर ने पार्किंग में खड़ी एक्टिवा का लॉक तोड़कर डिक्की से दो पर्स चोरी कर लिए। इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज सामने आ गया है जिसमें आरोपी साफ तौर पर चोरी को अंजाम देता नजर आ रहा है। CCTV में साफ नजर आई रेकी और चोरी की वारदात सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि एक संदिग्ध व्यक्ति अपना बैग टांग कर पार्किंग एरिया में आता है। वह पहले एक्टिवा के आसपास घूमकर रेकी करता है। इसके बाद वह मौका देखकर कविता की एक्टिवा का लॉक तोड़ देता है और डिक्की खोलकर उसमें रखे दोनों पर्स निकाल लेता है। शातिर चोर उन दोनों पर्स को अपने बैग में डालता है और वहां से फरार हो जाता है। गुरुद्वारा साहिब में चोरी से लोगों में रोष मेकअप आर्टिस्ट कविता ने बताया कि वह दोपहर करीब 3 बजे अपनी दोस्त के साथ गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने गई थीं तभी यह वारदात हुई। गुरुद्वारा साहिब जैसी पवित्र जगह पर चोरी की इस घटना से लोगों में भारी रोष है फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और CCTV के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।