Wednesday, 14 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

कैथल में पटाखों की फैक्ट्री पर पुलिस की रेड:छह आरोपी गिरफ्तार किए, भारी मात्रा में मिला अवैध विस्फोटक

INT News14 October 2026 at 06:54 am

कैथल में सीआईए कलायत पुलिस ने पूंडरी क्षेत्र के फतेहपुर में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रेड के दौरान मौके से छह आरोपियों को काबू किया है, जो बिना किसी लाइसेंस या परमिट के रिहायशी इलाके में पटाखे तैयार कर रहे थे। पुलिस ने मौके से तैयार पटाखों की 55 पेटियां, कच्चा माल, पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, पैकिंग का सामान और एक टाटा पिकअप वाहन बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमर उर्फ सोंटी तथा गोल्डी दोनों निवासी धोंस, मोहित निवासी पूंडरी, गुरजीत निवासी गांव दंदोल्ला, जिला पानीपत, सुंदर सिंह निवासी गांव करोड़ा तथा ओमपाल निवासी पूंडरी के रूप में हुई है। वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सीआईए कलायत को गुप्त सूचना मिली थी कि पूंडरी के पास फतेहपुर स्थित एक फैक्ट्री में अवैध तरीके से बम-पटाखे बनाए जा रहे हैं। सूचना के अनुसार, फैक्ट्री में काफी मात्रा में पटाखों का निर्माण किया जा रहा था और संचालकों के पास इसके लिए कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार की। पुलिस टीम जब पूंडरी क्षेत्र के फतेहपुर स्थित फैक्ट्री में पहुंची तो बाहर खड़ी टाटा पिकअप में तैयार पटाखों की पेटियां मिलीं। इसके बाद फैक्ट्री के अंदर जांच की गई, जहां कुछ व्यक्ति पटाखे बनाते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद छह व्यक्तियों को काबू कर उनसे पूछताछ की। फायर ब्रिगेड टीम को बुलाकर सामान जब्त किया आरोपियों से पटाखे बनाने और भंडारण करने संबंधी लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। कार्रवाई के दौरान फायर ब्रिगेड विभाग को भी मौके पर बुलाया गया। पूंडरी के फायर ब्रिगेड प्रभारी एलएफएम कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने पिकअप में रखी पेटियों में से एक पेटी खोलकर जांच की, जिसमें बम-पटाखे होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड अधिकारी तथा अन्य कर्मचारियों की सहायता से बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से नीचे उतरवाकर उसकी गिनती और जांच की। टाटा पिकअप से तैयार व पैकिंग की हुई 22 पेटियां तथा फैक्ट्री के अंदर से 33 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस कर रही जांच इस प्रकार कुल 55 पेटियां तैयार पटाखों की मिलीं। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री से सफेद रंग का पाउडर, भीगा हुआ सफेद पदार्थ, लाल रंग का गीला पदार्थ तथा सफेद और लाल पाउडर व बजरी का मिश्रण बरामद हुआ। मौके से पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई। इसमें वाल पुट्टी के 10 कट्टे, सफेद बजरी के छह कट्टे, पटाखों की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले खाली गत्ते की 47 पेटियां तथा प्लास्टिक की छोटी डिब्बियों वाली दो गत्ते की पेटियां शामिल हैं। डीएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है।