Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले जदयू की तैयारी तेज, निशांत कुमार ने संभाली कमान

INT News1 November 2026 at 03:42 pm

JDU Uttar Pradesh Expansion : बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश में जदयू अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है. पार्टी के इस अभियान में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी शामिल हुए हैं. वह वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन किए. इसके बाद प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होनी है.

बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे निशांत कुमार

वाराणसी पहुंचने के बाद निशांत कुमार ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने मंदिर के मुख्य पुजारी से भी आशीर्वाद लिया. निशांत कुमार ने बाबा विश्वनाथ से बिहार के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

नीतीश कुमार से आशीर्वाद लेकर ट्रेन से निकले

निशांत कुमार के वाराणसी दौरे की शुरुआत अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के साथ हुई. शनिवार को उन्होंने नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया और इसके बाद पटना जंक्शन से ट्रेन पकड़कर वाराणसी के लिए रवाना हुए.

इस सफर में उनके साथ जदयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार भी मौजूद थे. निशांत आम यात्रियों की तरह ट्रेन में सफर करते और साधारण खाना खाते नजर आए.

दोपहर 1 बजे से हुआ प्रदेशस्तरीय सम्मेलन

वाराणसी के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में करौता रामलीला बाजार मैदान में प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से रखा गया था.

इसमें जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, कैबिनेट मंत्री और यूपी संगठन प्रभारी श्रवण कुमार तथा उत्तर प्रदेश जदयू अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल शामिल रहे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

यूपी में संगठन मजबूत करने की तैयारी

जदयू उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार करना चाहती है. इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने की योजना पर काम कर रही है.

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी यूपी में अपनी राजनीतिक ताकत और दावेदारी बढ़ाना चाहती है. एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावनाओं के बीच वाराणसी का यह सम्मेलन जदयू के संगठन विस्तार अभियान का हिस्सा है.

इसे भी पढ़ें: बुलेट ट्रेन से जुड़ेंगे बिहार के 8 जिले, पटना में एम्स के पास बन सकता है स्टेशन, दिल्ली से गुवाहाटी तक बनेगा कॉरिडोर