Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

भिलाई में दो अलग-अलग हादसे में तीन युवकों की मौत:स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, 2 युवकों की गई जान; डोंगरगढ़ जा रहा युवक भी ट्रेन से गिरा

INT News6 September 2026 at 06:53 pm

सुपेला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सेक्टर-4 निवासी प्रतीक ठाकुर और भास्कर के रूप में बताई जा रही है। घटना रात के करीब 2 बजे के आस-पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सड़क से अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पार करते हुए पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रतीक ठाकुर की मौत हादसे वाली जगह पर ही हो गई थी। वहीं भास्कर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीन दिन पहले भी इसी इलाके में गई थी एक जान

इस हादसे को लेकर इसलिए भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि महज तीन दिन पहले, 3 सितंबर को इसी कोसानाला टोल प्लाजा के पास एक और सड़क हादसा हुआ था। इसमें 56 वर्षीय रेलवे कर्मचारी रविशंकर भारती की मौत हो गई थी। वे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक अन्य युवक भी घायल हुआ था। तीन दिनों के अंदर इसी मार्ग पर तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के कारण इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और रात के समय वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इधर मटकी फोड़ देखने जा रहा युवक ट्रेन से गिरा, मौत

इधर भिलाई में एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कैंप-2 के शारदा पारा निवासी विनय डोंगरगढ़ में मटकी फोड़ उत्सव देखने जा रहा था। इसी दौरान बटालियन शराब भट्ठी के पास वह चलती ट्रेन से गिर गया। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। विनय के डोंगरगढ़ जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो हादसे में दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही साफ होगी। पुलिस यह भी देख रही है कि वाहन की रफ्तार कितनी थी और चालक से नियंत्रण किस वजह से छूटा।