समाचार · पंजाब
कुराश अंडर-19 में जालंधर बना ओवरऑल चैंपियन
| जालंधर 70वीं पंजाब राज्य अंतर-जिला स्कूल खेलों के तहत कुराश की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़कों की प्रतियोगिताएं 11 से 13 नवंबर तक स्कूल ऑफ एमिनेंस लाडोवाली रोड में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताएं जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) डॉ. गुरिंदरजीत कौर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरिंदर कुमार, लेक्चरर शारीरिक शिक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी, की देखरेख में संपन्न कराई गईं। समापन समारोह में प्रिंसिपल योगेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिताओं में जालंधर जिले के खिलाड़ियों ने अंडर-19 वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि अंडर-17 वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 में जालंधर पहले, लुधियाना दूसरे और पटियाला तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 में लुधियाना प्रथम, जालंधर द्वितीय और होशियारपुर तृतीय रहा।