समाचार · हरियाणा
कैथल डीसी ने जिलावासियों से मांगे पुराने कपड़े:कहा-आप प्रयोग नहीं करते तो हमें दान कर दें, छह जगह बॉक्स रखवाए
कैथल में डीसी अपराजिता ने जिलावासियों से पुराने कपड़े दान करने की अपील की है। उन्होंने वस्त्र दान अभियान का लघु सचिवालय से शुभारंभ किया। जहां लोगों के घरों में बिना उपयोग के रखे हुए कपड़ों, कटे-फटे कपड़ों को एकत्रित करने के लिए रखे गए बॉक्स में कपड़े दान कर डीसी ने यह अभियान शुरू किया। इसके तहत जिले में छह स्थानों पर ऐसे विशेष बॉक्स रखे गए हैं। जिनमें लोग अपने ऐसे कपड़े दान कर सकते हैं, जिन्हें वे उपयोग नहीं कर रहे या फिर ऐसे कपड़े, जो घरों में कटे-फटे पड़े हुए हैं। डीसी ने लोगों से अपील की है कि लोग ऐसे कपड़े निर्धारित स्थानों पर रखे बॉक्स में दान करें। नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग की अगुवाई में कई पार्षदों ने भी इस अभियान के तहत कपड़े दान कर इसमें योगदान दिया। केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व डीसी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कैथल में वस्त्र दान अभियान की शुरुआत की है, ताकि उपयोग योग्य पुराने कपड़े जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जा सकें तथा अनुपयोगी वस्त्रों का री-साइक्लिंग कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके। डीसी ने कहा कि समाज और पर्यावरण के प्रति हमारी छोटी-छोटी पहल भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकती है। घरों में रखे ऐसे कपड़े, जिनका उपयोग नहीं हो रहा है, उन्हें दान कर जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सकती है। वहीं, जो कपड़े उपयोग योग्य नहीं हैं, उन्हें फैक्ट्री में भेजकर रि-साइकिल किया जाएगा, जिससे फाइबर तैयार होगा और वस्त्र अपशिष्ट में कमी आने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। कटे-फटे कपड़ों को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि इन बॉक्स में डालें। ताकि ये कटे-फटे कपड़े मिट्टी में जाकर, नालियों में जाकर नुकसान न पहुंचाएं। स्वच्छता को खराब न करें। स्वच्छता बनाए रखते हुए कपड़ों को इन बॉक्स में डालें। वेस्टेज लगातार बढ़ रही नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने कहा कि आज के समय में कपड़ों की वेस्टेज लगातार बढ़ रही है। ऐसे में घरों में पड़े अनुपयोगी कपड़ों को संग्रहित कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना तथा पुराने व फटे कपड़ों को री-साइक्लिंग के लिए भेजना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि डीसी अपराजिता द्वारा शुरू किया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा। यहां रखे बॉक्स पुराने वस्त्र एकत्रित करने के लिए शहर में छह स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र, नगर आयुक्त कार्यालय, नगर परिषद भवन, आईटीआई परिसर, ग्यारह रुद्री मंदिर तथा माता गेट शामिल हैं। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में वस्त्र संग्रह पात्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।