entertainment
भोजपुरी स्टार रवि किशन ने बताया क्यों कहते हैं खुद को 'बिहार का ब्रैड पिट', Gen Z भी है फैन

भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड और राजनीति तक अपनी पहचान बनाने वाले रवि किशन एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह है करण जौहर का शो 'कॉफी विद करण 9' . यहां रवि किशन ने खुलकर बताया कि आखिर वह खुद को 'बिहार का ब्रैड पिट' क्यों कहते हैं. शो में उनके साथ अक्षय कुमार भी नजर आए. दोनों की मस्ती और रवि किशन के मजेदार अंदाज ने एपिसोड को खास बना दिया.
क्यों कहते हैं खुद को 'बिहार का ब्रैड पिट'?
'कॉफी विद करण 9' में पहली बार पहुंचे रवि किशन ने अपनी जिंदगी और फिल्मी सफर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए. बातचीत के दौरान करण जौहर ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें कभी लगा था कि 'बिहार का ब्रैड पिट' वाला उनका अंदाज इतना मशहूर हो जाएगा?
इस पर रवि किशन ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जिंदगी में कई झटके खाने के बाद उन्होंने एक बात सीखी है कि कोई भी आपकी तारीफ करने या आपको आगे बढ़ाने नहीं आएगा. इसलिए खुद की तारीफ खुद करना बेहतर है.
रवि किशन ने कहा, "लोग आपके बारे में वही सोचने लगते हैं, जैसा आप खुद को उनके सामने दिखाते हैं." उनके मुताबिक, इंसान को अपनी पहचान बनाने के लिए खुद पहल करनी पड़ती है.
'मनी फॉलोज माय ब्रदर' से Gen Z के बीच हुए वायरल
शो में रवि किशन ने अपने एक और चर्चित अंदाज का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनका 'मनी फॉलोज माय ब्रदर' वाला डायलॉग इतना वायरल हो जाएगा और Gen Z के बीच भी लोकप्रिय हो जाएगा.
रवि किशन ने कहा कि वह खुद को परफेक्ट नहीं मानते. उनसे भी गलतियां होती हैं और वह अपनी गलतियों की जिम्मेदारी लेते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सांसद होने का मतलब यह नहीं है कि लोग उन्हें भगवान समझें.
उनके मुताबिक, लोगों को उनका अंदाज इसलिए पसंद आया क्योंकि उन्हें लगा कि रवि किशन भी उन्हीं की तरह एक आम इंसान हैं. वह जिस तरह बोलते हैं, उसमें लोगों को अपना जुड़ाव महसूस होता है.
रवि किशन ने हैरानी जताई कि इस उम्र में Gen Z भी उनसे जुड़ रहा है और उनके डायलॉग को पसंद कर रहा है.
View on Instagram
अक्षय कुमार के साथ दिखी रवि किशन की मस्ती
'कॉफी विद करण 9' के इस एपिसोड में रवि किशन के साथ अक्षय कुमार भी पहुंचे थे. शो के दौरान दोनों ने खूब मस्ती की. खास बात यह रही कि अक्षय कुमार भी रवि किशन के वायरल डांस स्टेप्स करते नजर आए.
करण जौहर ने बताया कि अक्षय कुमार ने ही इस एपिसोड के लिए रवि किशन के साथ आने का सुझाव दिया था. इसके बाद दोनों सितारे एक साथ कॉफी काउच पर पहुंचे.
यह एपिसोड 25 नवंबर को JioHotstar पर रिलीज हुआ. रवि किशन की बेबाक बातें, उनका भोजपुरी वाला अंदाज और Gen Z के बीच उनकी लोकप्रियता इस एपिसोड की खास चर्चा बन गई है.
ये भी पढ़ें: जब धर्मेंद्र ने एक ट्रक ड्राइवर का मैला कुर्ता पहन लिया, महेश भट्ट आज भी नहीं भूले उनका वो एहसान