Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

डबवाली में स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत:दोस्त गंभीर घायल, बाइक से जा रहे थे दोनों, मृतक 8 माह की बेटी का पिता

INT News15 August 2026 at 12:58 pm

सिरसा जिले में एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक हरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गुरसेवक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गांव सांवतखेड़ा के पास भारतमाला पुल पर हुई। घायल गुरसेवक सिंह को बेहतर उपचार के लिए एम्स बठिंडा रेफर किया गया है। मृतक हरप्रीत सिंह नीलावाली के रहने वाले थे और मंडी डबवाली स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी में मैकेनिक का काम करते थे। 14 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे, हरप्रीत अपने दोस्त गुरसेवक सिंह के साथ बजाज सिटी-100 मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव नीलावाली से मंडी डबवाली जा रहे थे। जब वे सांवतखेड़ा से आगे भारतमाला पुल के पास पहुंचे, तो सिरसा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरप्रीत और गुरसेवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में डालकर सरकारी अस्पताल डबवाली ले गया। घायल युवक का बठिंडा में चल रहा इलाज अस्पताल में चिकित्सकों ने हरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुरसेवक सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बठिंडा भेजा गया। मृतक के पिता आलमजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि स्कॉर्पियो ड्राइवर ने तेज रफ्तार, लापरवाही और गफलत से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी। उन्होंने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हरप्रीत सिंह विवाहित था और उसकी आठ माह की बेटी है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिटी थाना गेट पर धरना शाम होते ही आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक के परिजनों और गांव के लोगों ने सिटी थाना डबवाली के गेट के सामने धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी करने और कथित मिलीभगत के आरोप लगाए। परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका धरना और रोड जाम जारी रहेगा। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर धारा 106(1), 125(A), 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। मामले की आगामी जांच एएसआई शिव कुमार द्वारा की जा रही है।