Saturday, 15 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

अतीक अहमद के बेटे अहजम से मिलने पहुंचीं पल्लवी पटेल, बंद कमरे में लंबी बातचीत, अशरफ के बच्चों से भी मिलीं

INT News15 August 2026 at 01:35 pm

UP Politics: अतीक अहमद के बेटे अहजम से मिलने पल्लवी पटेल पहुंचीं तो प्रयागराज के हटवा गांव में एक बार फिर सियासत और संवेदना आमने-सामने दिखाई दी. अतीक के छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है. ऐसे वक्त में सिराथू से अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल परिवार के बीच पहुंचीं और अहजम से लंबी बातचीत कर उनका हाल जाना. उन्होंने परिवार की महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. पल्लवी पटेल ने अशरफ के बेटे-बेटियों से भी मुलाकात की और जेल में बंद अली व उमर के बारे में जानकारी ली. इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आते ही यूपी की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.

प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचीं पल्लवी पटेल

पल्लवी पटेल अपने समर्थकों के साथ प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचीं. बताया जा रहा है कि अतीक अहमद का बेटा अहजम और उनकी बुआ परवीन कुरैशी इन दिनों यहीं रह रही हैं. पल्लवी के पहुंचने पर उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. इस दौरान माहौल भावुक रहा. विधायक ने आबान की मौत पर शोक जताया और परिवार के दुख में उनके साथ खड़े होने की बात कही.

अहजम से काफी देर तक हुई बातचीत

मुलाकात के दौरान पल्लवी पटेल और अहजम के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. उन्होंने परिवार की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली और आबान की मौत के बाद परिवार पर आए दुख को लेकर संवेदना जताई. पल्लवी ने अहजम से पूरे परिवार का हाल जाना और मुश्किल वक्त में हिम्मत बनाए रखने की बात कही.

परिवार की महिलाओं को बंधाया ढांढस

पल्लवी पटेल ने परिवार की महिलाओं से भी मुलाकात की. वह उनके बीच बैठीं और आबान की मौत पर शोक जताया. इस दौरान उन्होंने परिवार को इस कठिन समय में मजबूती से खड़े रहने की बात कही. मुलाकात की तस्वीरों में पल्लवी परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर बातचीत करती नजर आ रही हैं.

अशरफ के बच्चों से भी मिलीं

पल्लवी पटेल ने अतीक अहमद के भाई अशरफ के बेटे और बेटियों से भी मुलाकात की. उन्होंने बच्चों का हाल जाना और परिवार की परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली. साथ ही जेल में बंद अली और उमर को लेकर भी परिवार से बातचीत की.

सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें

मुलाकात के बाद पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने लिखा कि पूर्व सांसद मरहूम अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. उन्होंने तथागत गौतम बुद्ध से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

6 अगस्त को सड़क हादसे में हुई थी आबान की मौत

अतीक अहमद के 21 वर्षीय छोटे बेटे आबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी जिले में सड़क हादसे में मौत हुई थी. बताया गया कि आबान प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहे थे. रास्ते में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में आबान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए.

जनाजे में शामिल हुए थे अली और उमर

आबान को बीते सप्ताह प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था. इस दौरान उसके भाई अली, उमर और अहजम मौजूद रहे. अली और उमर दोनों जेल में बंद हैं. हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद दोनों आबान के जनाजे में शामिल होने पहुंचे थे.

पल्लवी की मुलाकात ने खींचा सियासी ध्यान

आबान की मौत के बाद अतीक परिवार से मिलने वालों का सिलसिला जारी है. हालांकि, सार्वजनिक जीवन में सक्रिय कई बड़े राजनीतिक चेहरे इस परिवार से दूरी बनाए हुए नजर आते हैं. ऐसे में पल्लवी पटेल का खुलकर हटवा गांव पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद लोग इस मुलाकात को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे मानवीय संवेदना बता रहे हैं, तो कुछ इसे यूपी की सियासत से जोड़कर देख रहे हैं.

यह भी पढ़ें: वाराणसी में महिला अधिवक्ता के घर चल रहा था जिस्मफरोशी का खेल! NGO की सूचना पर ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस