समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा में बारिश के बीच मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस:कलेक्टर ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, देशहित में जिम्मेदारी निभाने का किया आह्वान
हरदा में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बारिश के बावजूद जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह नजर आया। विभिन्न शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों और स्थानीय निकायों में ध्वजारोहण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कलेक्ट्रेट में कलेक्टर ने फहराया तिरंगा कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी शशांक ने तिरंगा फहराया। जिला पंचायत भवन में अध्यक्ष गजेंद्र शाह, नगर पालिका में अध्यक्ष भारती कमेडिया और जनपद पंचायत में अध्यक्ष रेवा पटेल ने ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्प कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने नगर पालिका की शहीद गैलरी पहुंचकर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि दी। शहर के विभिन्न थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए। सिटी कोतवाली में टीआई रोशनलाल भारती, सिविल लाइन में टीआई आरएस तिवारी, महिला थाने में टीआई निकिता विल्सन और अजाक्स थाने में टीआई सुरेश कालभोर ने ध्वज फहराया। कृषि और सिंचाई विभाग में भी हुआ ध्वजारोहण कृषि विभाग कार्यालय में उप संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर ने ध्वजारोहण किया। कृषि उपज मंडी में एसडीएम अशोक कुमार डेहरिया और सिंचाई विभाग कार्यालय में कार्यपालन यंत्री सोनम बाजपेई ने भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान कर्मचारियों और किसानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही समय पर जलकर जमा करने की अपील की गई। कलेक्टर बोले- स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में उतारें कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके प्रयासों से देश को पराधीनता से मुक्ति मिली। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में उतारने और देश की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, कर्तव्यनिष्ठा, आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी नागरिक देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। देखें कार्यक्रम की तस्वीरे