Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पलवल में रंजिश से परेशान बुजुर्ग ने किया सुसाइड:ट्रेन के आगे कूदा, जेब से मिली डायरी, लिखा- 20 साल से लड़ाई चल रही

INT News26 September 2026 at 12:49 pm

पलवल के जोधपुर गांव में 20 साल पुरानी रंजिश से परेशान एक बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान किशोर सिंह के रूप में हुई। मृतक के बेटे सतपाल की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सतपाल ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर की रात गांव के चंद्रपाल, करन और कृष्ण शराब के नशे में उनके घर आए। उन्होंने उसके पिता किशोर सिंह और मां भगवती के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। धमकी से डरकर किशोर सिंह उसी रात घर से चले गए। 24 सितंबर को परिजनों को सूचना मिली कि उन्होंने हरियाणा-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर कोटवन गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। जेब से मिली डायरी, लिखा- सारी जगह दबाई मृतक की जेब से एक छोटी डायरी मिली है, जिसमें लिखा है कि, "20 साल से लड़ाई चल रही है, सारी जगह दबाई, जबरदस्ती मेरा जीने का अधिकार खत्म किया, सारे इकट्ठे होकर मारते हैं।" पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सदर थाना पुलिस ने चंद्रपाल, करन, कृष्ण, परवीन, कुलदीप और गोपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया है।