समाचार · झारखंड
भानु प्रताप शाही से मिले दीपक प्रताप देव, सियासी गलियारों में चर्चा तेज

गढ़वा: भवनाथपुर के पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही से दीपक प्रताप देव की मुलाकात ने इलाके के सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. पैर में फ्रैक्चर होने के बाद भानु प्रताप शाही रांची स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं. इसी दौरान दीपक प्रताप देव उनसे मिलने पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना. दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है.
2024 के चुनाव में एक-दूसरे के थे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी
इस मुलाकात को इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में दीपक प्रताप देव उस राजनीतिक तिकड़ी का हिस्सा थे, जिसने भानु प्रताप शाही को चुनावी चुनौती दी थी. चुनाव में भानु प्रताप शाही को हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि, चुनाव के बाद यह तिकड़ी ज्यादा दिनों तक एकजुट नहीं रह सकी. बाद में दीपक प्रताप देव ने विधायक अनंत प्रताप देव से अलग होकर अपनी राजनीतिक राह चुन ली. वह वर्ष 2029 का विधानसभा चुनाव खुद लड़ने का एलान भी कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: पढ़ने की कोई उम्र नहीं! Coal India के पूर्व GM ने 68 साल में Ranchi University में लिया एडमिशन
पहले भानु पहुंचे थे दीपक का हाल जानने
राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद भानु प्रताप शाही और दीपक प्रताप देव के बीच शिष्टाचार के रिश्ते बने रहे हैं. वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद जब दीपक प्रताप देव सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे, तब भानु प्रताप शाही भी उनका हाल जानने रांची के अस्पताल पहुंचे थे. अब भानु प्रताप शाही के पैर में फ्रैक्चर होने पर दीपक उनसे मिलने पहुंचे हैं.
सियासी विरोध से अलग व्यक्तिगत रिश्तों की मिसाल
दोनों नेताओं की मुलाकात को राजनीतिक विरोध के बीच व्यक्तिगत संबंधों और शिष्टाचार की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है. चुनावी मैदान में एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी रहे नेताओं का इस तरह मिलना क्षेत्र के राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, इस मुलाकात के राजनीतिक मायने क्या हैं, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत सामने नहीं आया है.
ये भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय में PhD नामांकन के लिए आज से इंटरव्यू, 331 सीटों पर होगा दाखिला