समाचार · पंजाब
जालंधर रेलवे स्टेशन पर सामान पर हादसा:सामान लेने उतरे पिता की चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश,नीचे गिरने से हुई मौत
जालंधर रेलवे स्टेशन पर कल दोपहर में एक दर्दनाक हादसे में अपनी बेटी को बचाने के चक्कर में चलती ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु गार्डन निवासी शमशेर सिंह संधू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ ब्यास जाने के लिए निकले थे। दोपहर करीब 12:57 बजे स्टेशन पर सामान लेने उतरे पिता ट्रेन अचानक चलने के कारण हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जिसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, शमशेर सिंह संधू (45) ब्यास जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। दोपहर लगभग 12:57 बजे जब ट्रेन जालंधर रेलवे स्टेशन पर रुकी, तो वे प्लेटफॉर्म पर कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए नीचे उतरे। वे सामान ले ही रहे थे कि अचानक ट्रेन चलने लगी।
ट्रेन में चढते वक्त हुई घटना ट्रेन को अचानक चलता देख ब्यास जाने के लिए डिब्बे में मौजूद उनकी बेटी घबरा गई। शमशेर सिंह ने तुरंत दौड़कर बेटी को संभालने और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी आपाधापी में उनका पैर फिसल गया और वे असंतुलित होकर ट्रेन के नीचे आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को अस्पताल ले जाले वक्त हुई मौत घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद यात्रियों और रेलवे पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। आज कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव को रोते-बिलखते परिजनों के हवाले कर दिया गया। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।