समाचार · झारखंड
सिमडेगा: रजत आनंद के गीतों पर झूमे दर्शक, डीसी कंचन सिंह की राम स्तुति बनी खास आकर्षण

सिमडेगा. श्रीरामरेखा धाम में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ. उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे के नेतृत्व में महोत्सव का आयोजन किया गया. अंतिम दिन की सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम बॉलीवुड गायक रजत आनंद मुख्य आकर्षण रहे. मंच पर आते ही उन्होंने अपनी गायकी से दर्शकों का मन मोह लिया.
डीसी कंचन सिंह की स्वरचित स्तुति ने बांधा समां
रजत आनंद ने भगवान श्रीराम के भजनों से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक गीत पेश कर श्रोताओं को संगीत की दुनिया में सराबोर कर दिया. सांस्कृतिक कार्यक्रम का खास आकर्षण उपायुक्त कंचन सिंह की स्वरचित श्रीरामरेखा धाम स्तुति रही. उन्होंने बॉलीवुड गायक रजत आनंद के साथ मंच साझा करते हुए अपनी रचना को सुरों में प्रस्तुत किया. भगवान श्रीराम के आदर्श, करुणा, परोपकार और मानवता के संदेश पर आधारित इस रचना ने कार्यक्रम में साहित्य, संगीत और आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया.
नागपुरी गीतों पर झूमे दर्शक
झारखंड की कोकिला मोनिका मुंडू ने श्रीराम भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया. वहीं, कलाकार नितेश कच्छप ने अपने दमदार अंदाज में नागपुरी गीतों की प्रस्तुति दी. उनकी ऊर्जावान गायकी और लोकप्रिय धुनों पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक झूमते नजर आये. अंजली देवी ने ठेठ नागपुरी गीतों के माध्यम से झारखंड की लोकसंस्कृति की झलक पेश की. इसके अलावा प्रभात महतो के छऊ नृत्य, कथक नृत्य और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम के दौरान महोत्सव स्थल दर्शकों से खचाखच भरा रहा.