समाचार · मध्य प्रदेश
चरित्र पर शक में पति ने की पत्नी की हत्या:बैतूल में तार से शव को फंदे पर लटकाया, आरोपी गिरफ्तार
बैतूल के मोरखा में 35 साल की रुकवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति 40 वर्षीय प्रहलाद सरियाम रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रहलाद पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। आरोप है कि 3 और 4 सितंबर की रात इसी विवाद के दौरान प्रहलाद ने रुकवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाया
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने रुकवती के शव को हरे रंग के पतले तार से झोपड़ी की लकड़ी पर फंदे से लटका दिया। रुकवती मोरखा की इंदिरा आवास कॉलोनी में रहती थी। 4 सितंबर को प्रहलाद ने रुकवती की बहन को फोन कर बताया था कि उसने फांसी लगा ली है। परिजनों ने 5 सितंबर को बोरदेही थाने में इसकी जानकारी दी। घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
मामला सामने आने के बाद बोरदेही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम सीन एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी की टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल की जांच की। एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने परिजनों और दूसरे गवाहों से पूछताछ की। घटनास्थल से मिले सबूत और पूछताछ में पुलिस को प्रहलाद के पत्नी के चरित्र पर शक करने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। आरोपी से ओढ़नी और कमर पट्टे का टुकड़ा बरामद
पुलिस ने वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर प्रहलाद सरियाम को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ओढ़नी और मारपीट में इस्तेमाल कमर पट्टे का टुकड़ा बरामद कर जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भैयालाल उईके, बोरदेही पुलिस, क्राइम सीन टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।