Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

'शराब की जगह पीते हैं जीरे का पानी', फिल्मों में सिगरेट-दारू वाले सीन पर इस साउथ एक्टर ने तोड़ी चुप्पी

INT News25 October 2026 at 06:43 pm

साउथ सिनेमा के अभिनेता सिवकार्तिकेयन (Sivakarthikeyan) अपनी फिल्मों में स्मोकिंग यानी सिगरेट पीने और शराब पीने वाले सीन से अक्सर दूरी बनाकर रखते हैं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह ऐसे सीन करने के खिलाफ हैं. अभिनेता ने साफ किया है कि अगर फिल्म की कहानी और किरदार की जरूरत होगी, तो वह ऐसे सीन करने से पीछे नहीं हटेंगे.

कहानी की जरूरत के हिसाब से करेंगे सीन

आपको बता दें कि सिवकार्तिकेयन ने एक कार्यक्रम में बताया कि वह अपनी फिल्मों में ऐसे सीन तभी करते हैं, जब उनकी जरूरत कहानी में होती है. उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि निर्देशक उनके निजी फैसलों की वजह से किसी सीन को लिखने या फिल्माने से बचें.

अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने अपने करियर की शुरुआती फिल्मों में भी ऐसे सीन किए थे. बाद में उन्होंने उन सीन से दूरी बनाई, जिनकी कहानी में कोई खास जरूरत नहीं थी. उन्होंने साफ कहा कि अगर कहानी की मांग होगी, तो वह ऐसे सीन जरूर करेंगे.

धुएं से होती है एलर्जी, शराब वाले सीन में लेते हैं जीरे का पानी

सिवकार्तिकेयन ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उन्हें धुएं से एलर्जी है. वहीं, फिल्म में शराब पीने का सीन करना हो, तो वह असली शराब की जगह जीरे का पानी इस्तेमाल करते हैं.

उन्होंने बताया कि वह अपनी फिल्मों में इसी तरीके को अपनाते आए हैं और निर्देशकों ने भी उन्हें कभी ऐसे सीन करने के लिए मजबूर नहीं किया. उनके लिए सबसे जरूरी बात यह है कि किरदार की जरूरत पूरी हो और शूटिंग के दौरान उन्हें परेशानी भी न हो.

फिल्म 'सेयोन' को लेकर भी चर्चा

सिवकार्तिकेयन इन दिनों अपनी आने वाली तमिल फिल्म 'सेयोन' की शूटिंग में व्यस्त हैं. फिल्म की शूटिंग मदुरै में चल रही है. इसका निर्देशन शिवकुमार मुरुगेसन कर रहे हैं. फिल्म के नाम का संबंध भगवान मुरुगन से जुड़ी मान्यताओं और प्रतीकों से बताया जा रहा है.

अभिनेता ने फिल्म को लेकर खुशी जताई है. उन्होंने यह इच्छा भी जाहिर की कि रिलीज के समय फैंस और उनके परिवारों के लिए खास स्क्रीनिंग रखी जाए. फिल्म अगले साल रिलीज करने की योजना है.

ये भी पढ़ें: रश्मिका की हिंदी पर सवाल उठाने वालों आलोचकों को जावेद अख्तर ने दिया जवाब, बोले-'भाषा को लेकर ये घमंड...'