समाचार · मध्य प्रदेश
तराना में गार्डन में खड़ी जाइलो कार जली:मालिक ने पेट्रोल डालकर आग लगाने की आशंका जताई, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कारण तलाश रही
उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में तोबरीखेड़ा रोड स्थित एक निजी गार्डन में खड़ी महिंद्रा जाइलो कार में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग से कार पूरी तरह जल गई। कार मालिक ने उपद्रवियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिल्ली में थे मालिक, घर से मिली सूचना कार मालिक कल्याण सिंह ने बताया कि वे निजी काम से दिल्ली गए हुए थे। रात में परिजनों ने फोन कर बताया कि गार्डन में खड़ी कार से धुआं निकल रहा है और उसमें आग लग गई है। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पेट्रोल की बोतल मिलने का दावा कल्याण सिंह के मुताबिक, उनकी कार के पास लोहे की बॉडी वाली मैजिक गाड़ी भी खड़ी थी। वह आग की चपेट में आने से बच गई। उन्होंने दावा किया कि कार के पास पेट्रोल की बोतल मिली है। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने पेट्रोल डालकर कार में आग लगाई होगी। उन्होंने तराना पुलिस से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस तराना थाना प्रभारी रामनारायण भदौरिया ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, आग किन परिस्थितियों में लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिस समय आग लगी, उस वक्त की रिकॉर्डिंग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की स्थिति स्पष्ट होगी।