Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

ज्वैलर्स की दुकान से ₹15 लाख के गहने चोरी:मोहाली में बाइक पर आए 3 युवकों ने तोड़े ताले, ढाई किलो चांदी-5 तोले सोना लेकर फरार

INT News11 November 2026 at 06:33 pm

मोहाली जिले में खरड़ के अप्पर बाजार स्थित सर्राफा बाजार में चोरों ने एक ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया। बाइक पर सवार होकर आए 3 युवकों ने बुधवार तड़के करीब 3:10 बजे दुकान के ताले तोड़े और शटर उठाकर अंदर दाखिल हो गए। आरोपियों ने करीब आधा घंटा तक दुकान में रहकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद आरोपी सामान को चादर में लपेटकर बाइक पर फरार हो गए। उनकी यह गतिविधि दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सत्यम ज्वैलर्स के संचालक कमलदीप करवल ने बताया कि अप्पर बाजार, जिसे सर्राफा बाजार के नाम से भी जाना जाता है, में उनकी काफी पुरानी दुकान है। वह रोजाना की तरह मंगलवार रात दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। बाज़ार में सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रहता है, लेकिन त्योहारों के सीजन के चलते बुधवार रात गार्ड छुट्टी पर था। इसी दौरान चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। पड़ोसी दुकानदार ने दी जानकारी करवल के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोस में दुकान करने वाले एक दुकानदार ने फोन करके उन्हें सूचना दी कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं और शटर उठा हुआ है। सूचना मिलते ही वह तुरंत दुकान पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और चोरी हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि चोर दुकान से करीब ढाई किलो चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन, गिफ्ट आइटम और लगभग 5 तोले सोने के गहने चोरी करके ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। चादर में लपेटकर ले सोने-चांदी के आभूषण सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान के टूटे हुए ताले कब्जे में ले लिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में 2 आरोपी चोरी का सामान चादर में लपेटकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जो एक बाइक पर सवार होकर फरार हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच में जुटी हुई है।