Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

कैंटन फेयर देखकर लौटा सिंहभूम चेंबर, जमशेदपुर के कारोबारियों को मिलेंगे नये अवसर

INT News22 October 2026 at 11:28 am

जमशेदपुर: सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का 40 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल चीन के ग्वांगझोउ में आयोजित विश्व प्रसिद्ध ‘कैंटन फेयर’ का सफल अध्ययन दौरा संपन्न कर भारत लौट आया है. चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक, नवीनतम मशीनरी, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र में आ रहे क्रांतिकारी बदलावों तथा नये व्यावसायिक अवसरों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करना था. इस दौरे से भारतीय उद्योगों, विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमइ) के आधुनिकीकरण और तकनीकी उन्नयन को नयी दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

जमशेदपुर लौटने पर चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि कैंटन फेयर का यह दौरा चेंबर के सदस्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रगति, आधुनिक तकनीक और वैश्विक व्यापार की नयी संभावनाओं को समझने का ऐतिहासिक अवसर रहा है. उन्होंने इस यात्रा को सफल बनाने के लिए महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल और उपाध्यक्ष उद्योग हर्ष अग्रवाल बकरेवाल के विशेष योगदान की सराहना की. केडिया ने स्पष्ट किया कि कैंटन फेयर से प्राप्त अनुभवों, तकनीकी जानकारियों और संभावित व्यावसायिक अवसरों की पूरी रिपोर्ट संकलित कर भारत सरकार और संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों को सौंपी जायेगी.

वहीं, महासचिव पुनीत कावंटिया ने बताया कि वैश्विक बाजार की बदलती आवश्यकताओं और नवीन व्यावसायिक मॉडलों को समझने में ऐसी अंतरराष्ट्रीय यात्राएं बेहद कारगर साबित होती हैं. वहां देखी गयी कि उन्नत प्रणालियों और तकनीकों की जानकारी चेंबर के अन्य सदस्यों के साथ साझा की जायेगी.