समाचार · मध्य प्रदेश
सीवेज लाइन खुदाई से पोस्ट ऑफिस रोड का रास्ता बंद:सीहोर मंडी में 40 फीट सड़क पर पैदल चलने की जगह नहीं, वैकल्पिक रास्ता भी खोदा
सीहोर के मंडी इलाके में सीवेज लाइन बिछाने के लिए पोस्ट ऑफिस रोड के दोनों ओर खुदाई की गई है। करीब दो महीने से चल रहे काम के कारण सड़क पर पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ता नहीं बचा है। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। सड़क के साथ वैकल्पिक रास्ता भी बंद पोस्ट ऑफिस रोड करीब 40 फीट चौड़ी है। यहां पहुंचने के लिए कुएं के पास से दूसरा रास्ता भी है, लेकिन वहां भी खुदाई की गई है। इससे मुख्य सड़क और वैकल्पिक रास्ते, दोनों से आवागमन बंद हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पोस्ट ऑफिस रोड पर उनका वरदाने का गोदाम है। यहां चार पहिया वाहनों का आना-जाना जरूरी है। रास्ता बंद होने से गोदाम तक वाहन पहुंचाने में परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि दीपावली पर बाजार में खरीदारी और लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क बंद होने से दिक्कत और बढ़ गई है। 25 करोड़ रुपए का है सीवरेज प्रोजेक्ट नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पूरे सीहोर शहर के लिए करीब 25 करोड़ रुपए का सीवरेज प्रोजेक्ट मंजूर है। इसमें मंडी इलाके का काम भी शामिल है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी उठे सवाल स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 का हवाला देते हुए कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और यातायात के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों का कहना है कि पोस्ट ऑफिस रोड पर इन इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।