समाचार · उत्तर प्रदेश
प्रयागराज के मर्चेंट नेवी अधिकारी पाकिस्तान के कराची पोर्ट पर बंधक, सात महीने से घर वापसी का इंतजार कर रहा परिवार

Prayagraj Merchant Navy Officer: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत किशोर मिश्रा पिछले कई महीनों से पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर फंसे हुए हैं. उनकी सुरक्षित वापसी नहीं होने से परिवार परेशान है. पिता, पत्नी और अन्य परिजन लगातार केंद्र सरकार से मदद की मांग कर रहे हैं. परिवार ने राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय तक अपनी गुहार पहुंचाई है. इस बार विनीत के बिना घर में दीपावली और भैया दूज का त्योहार भी नहीं मनाया गया.
सात महीने से कराची बंदरगाह पर फंसे हैं विनीत मिश्रा
प्रयागराज के लालापुर क्षेत्र के बघला गांव निवासी विनीत किशोर मिश्रा मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं. वह पिछले करीब सात महीनों से पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर जहाज के साथ फंसे हुए हैं. परिवार के मुताबिक, 17 अप्रैल से उनका जहाज वहां बंधक बना हुआ है. लंबे समय से इंतजार के बावजूद उनकी भारत वापसी नहीं हो सकी है. इस स्थिति ने घरवालों की चिंता बढ़ा दी है. परिवार के सदस्य लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं और सरकारी अधिकारियों से मदद मांग रहे हैं.
जहाज से माल उतरने के बाद भी नहीं मिली आजादी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, विनीत जिस जहाज पर तैनात हैं, उस पर लदा सामान 9 सितंबर को ही उतार दिया गया था. इसके बाद भी जहाज और उस पर मौजूद नाविकों को जाने की अनुमति नहीं मिली है. फिलहाल जहाज कराची बंदरगाह के बर्थ नंबर 21 पर खड़ा बताया जा रहा है. परिवार का कहना है कि जहाज की हालत भी ठीक नहीं है. वहां बिजली की आपूर्ति बंद है और नाविकों को लगातार जहाज के भीतर ही रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.
जहाज पर भारतीय और ईरानी नाविक भी मौजूद
बताया जा रहा है कि जहाज पर विनीत समेत कुल 12 क्रू सदस्य मौजूद हैं. इनमें छह भारतीय और छह ईरानी नागरिक शामिल हैं. सभी नाविक लंबे समय से कराची बंदरगाह पर फंसे हुए हैं. जहाज पर बिजली नहीं होने और नेटवर्क की समस्या के कारण परिवार से संपर्क करना भी मुश्किल हो रहा है. परिजनों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले बड़ी मुश्किल से विनीत से लगभग एक मिनट तक बातचीत हो सकी थी. इसके बाद परिवार को उनकी स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाई है.
पिता और पत्नी ने दिल्ली पहुंचकर लगाई गुहार
विनीत के पिता ललित किशोर मिश्रा पूर्व सैनिक और सेवानिवृत्त शिक्षक हैं. उन्होंने अपनी बहू नेहा मिश्रा के साथ दिल्ली पहुंचकर बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों में प्रार्थना पत्र दिए हैं. परिवार ने राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने की मांग की है. इसके अलावा राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात के लिए भी समय मांगा गया है. पिता और पत्नी का कहना है कि बेटे तथा पति की वापसी के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं.
परिवार में सात महीने से छाई है मायूसी
विनीत की पत्नी नेहा मिश्रा का कहना है कि पति के फंसने की जानकारी मिलने के बाद से परिवार लगातार परेशान है. वह अपने एक साल के जुड़वां बच्चों के साथ मदद के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पास जा रही हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री, सांसद और विधायकों से भी सहायता मांगी है. इसके बावजूद अभी तक परिवार को कोई ठोस राहत नहीं मिली है. पति की सुरक्षित वापसी की चिंता के कारण घर में त्योहारों की खुशियां भी खत्म हो गई हैं और सभी लोग उनके लौटने की राह देख रहे हैं.
बच्चों को याद आ रहे चाचू, घर में नहीं जले दीपक
विनीत के पिता ललित किशोर मिश्रा ने बताया कि इस बार परिवार ने दीपावली और भैया दूज नहीं मनाई. उनके बड़े बेटे नागेंद्र किशोर मिश्रा, बहू सपना मिश्रा और बच्चे आर्या, नव्या तथा स्वास्तिक भी विनीत को याद कर भावुक हो जाते हैं. बच्चे बार-बार पूछते हैं कि चाचू के बिना दीपावली कैसे मनाएं. विनीत की बहनें आरती पांडे और अंजू पांडे भी भाई की वापसी को लेकर चिंतित हैं. परिवार का कहना है कि जब तक विनीत घर नहीं लौटते, किसी भी त्योहार की खुशियां अधूरी रहेंगी.
सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने विदेश मंत्रालय से की बात
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने भी इस दिशा में पहल की है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से उनकी बातचीत हुई है. मंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया है कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है. साथ ही विनीत और अन्य नाविकों की सुरक्षित रिहाई के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं. सांसद के इस आश्वासन के बाद परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही कोई सकारात्मक कदम उठाया जाएगा.
विनीत की वापसी के लिए पूरे गांव की नजर सरकार पर
बघला गांव के लोग भी विनीत किशोर मिश्रा की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं. परिवार और ग्रामीणों की मांग है कि केंद्र सरकार इस मामले में जल्द हस्तक्षेप करे. पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर फंसे भारतीय नाविकों को वापस लाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास किए जाने की अपील की जा रही है. परिवार को उम्मीद है कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय तक पहुंची उनकी गुहार का जल्द असर दिखाई देगा. सभी लोग चाहते हैं कि विनीत सुरक्षित अपने घर लौटें और परिवार की खुशियां फिर से लौट आएं.
Must Read: दिवाली पर पटाखों से प्रदूषण की चिंता पर बोले CM योगी, कहा- खूब आतिशबाजी करो, प्रदूषण खत्म हो जाएगा