समाचार · मध्य प्रदेश
बैतूल में ट्रेन से गिरकर बिहार के यात्री की मौत:इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम,भतीजे के साथ बेंगलुरु जा रहा था
बैतूल में ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए बिहार के 40 वर्षीय यात्री की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान भोला पासवान निवासी बीघा गांव, जिला नालंदा के रूप में हुई है। वह ट्रेन नंबर 19622 से दानापुर से बेंगलुरु जा रहा था। बाथरूम से लौटते समय गेट के पास गिरा भोला पासवान ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहा था। बाथरूम से लौटते समय वह ट्रेन के गेट के पास पहुंचा। इसी दौरान धाराखोह-मरामझिरी के बीच खंभा नंबर 838/2 के पास वह डाउन ट्रैक पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जीआरपी आरक्षक ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया हादसे की सूचना मिलने के बाद जीआरपी आरक्षक दिलीप नरवरे मौके पर पहुंचे और घायल यात्री को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भतीजा भी साथ कर रहा था यात्रा भोला पासवान के साथ उसका भतीजा भी यात्रा कर रहा था। हादसे के बाद से पुलिस उसके परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है। बताया गया कि भतीजे का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण मृतक की फोटो और अन्य जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।