national · दिल्ली
मंदिरों और पुजारियों पर बयान देकर घिरीं नेहा बोरा, दिल्ली के थाने में शिकायत, कार्रवाई की मांग

Neha Bora Controversy: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा की मंदिरों और पुजारियों को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया है. उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने में शिकायत दी गई है. शिकायतकर्ता ने उनके बयान से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत बीजेपी के कई नेताओं ने नेहा बोरा की टिप्पणी की आलोचना की है. बीजेपी ने इस मामले में कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है.
नेहा बोरा के खिलाफ संसद मार्ग थाने में शिकायत
नेहा बोरा के खिलाफ वकील अमिता सचदेवा ने नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के SHO को औपचारिक शिकायत दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी शेयर की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिरों के भीतर पुजारियों द्वारा महिलाओं से दुष्कर्म किए जाने संबंधी व्यापक टिप्पणी से धार्मिक समुदाय की छवि प्रभावित हो सकती है.
वायरल वीडियो में नेहा बोरा ने क्या कहा?
मंगलवार (3 नवंबर) को नेहा बोरा का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. इसमें वह ब्राह्मणवादी व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाती दिखाई दे रही हैं. वीडियो में नेहा ने कहा कि महिलाओं को उसी ब्राह्मणवादी व्यवस्था से सुरक्षा की जरूरत है, जिसमें गरीबों, शूद्रों और महिलाओं को प्रताड़ना का पात्र बताया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था में ब्राह्मण महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं और मंदिरों के भीतर पुजारियों द्वारा दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं. अपनी बात के दौरान उन्होंने उन्नाव और कठुआ की घटनाओं का भी जिक्र किया.
चिराग पासवान ने नेहा बोरा के बयान पर क्या कहा?
न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नेहा बोरा की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण महिलाओं, ब्राह्मणवाद और सनातन धर्म को लेकर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह समाज को बांटने वाली राजनीति को दर्शाता है. पासवान ने कहा कि 21वीं सदी में भी जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन राजनीतिक नेताओं की जिम्मेदारी समाज को एकजुट करने वाले उदाहरण प्रस्तुत करना है. उन्होंने इस तरह की राजनीति की तुलना अंग्रेजों की 'फूट डालो और राज करो' की नीति से की.
प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को घेरा
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेहा बोरा का वीडियो साझा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि नेहा की टिप्पणी हिंदू धर्म के प्रति नकारात्मक मानसिकता को उजागर करती है. भंडारी ने नेहा बोरा को राहुल गांधी से प्रेरित बताते हुए कांग्रेस पर हिंदू विरोधी सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने राहुल गांधी की मंदिरों में महिलाओं से छेड़छाड़ संबंधी कथित टिप्पणी का भी उल्लेख किया.
दुष्कर्म किसी जाति की पहचान नहीं- यमुना पाठक
विश्व हिंदू रक्षा परिषद की महिला अध्यक्ष यमुना पाठक ने नेहा बोरा के बयान पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि दुष्कर्म किसी व्यक्ति का अपराध है, इसे पूरी जाति या समुदाय की पहचान नहीं बनाया जा सकता. यमुना पाठक ने संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 का जिक्र करते हुए समानता, भेदभाव के निषेध और मानवीय गरिमा की बात की. उन्होंने सवाल किया कि निर्दोष व्यक्तियों और अपराधियों के बीच अंतर किए बिना पूरे पुजारी समुदाय को कठघरे में खड़ा करना कितना उचित है.
Also Read: '24 घंटे हो गए मोदी जी, डरिए मत...', राहुल गांधी ने दी PM मोदी को खुली बहस की चुनौती