Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

खुशियों से पहले मातम: शाहजहांपुर में गर्भवती की मौत से भड़के परिजन, निजी अस्पताल पहुंचकर किया हंगामा, इलाज में लापरवाही का आरोप

INT News28 October 2026 at 01:23 pm

UP News: (पवन तोमर की रिपोर्ट) शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र में सात माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. इलाज के दौरान महिला की हालत बिगड़ने और बाद में रास्ते में दम तोड़ने से परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए देर रात अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली. हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.

बुखार आने पर अस्पताल में कराया था भर्ती

मामला बंडा थाना क्षेत्र के ढका घनश्याम गांव का है. गांव निवासी शैलेश की पत्नी रेखा सात माह की गर्भवती थी. परिजनों के अनुसार, रेखा को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था. मंगलवार दोपहर उसकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे बंडा स्थित जीवन रेखा अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टर ने उसे भर्ती कर ड्रिप चढ़ाना शुरू कर दिया.

हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल ले जाने की बात

परिजनों का आरोप है कि भर्ती होने के कुछ समय बाद रेखा की हालत और गंभीर हो गई. उनका कहना है कि अस्पताल में समुचित उपचार नहीं मिला और उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कह दिया गया. इसके बाद परिजन रेखा को लेकर शाहजहांपुर की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. महिला की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई.

देर रात अस्पताल पहुंचे परिजन, जताया आक्रोश

रेखा की मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस जीवन रेखा अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया. हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया. परिजनों का कहना था कि रेखा को पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी.

दारोगा के व्यवहार पर भी जताई नाराजगी

अस्पताल में हुए हंगामे के दौरान मौके पर पहुंचे एक दारोगा के व्यवहार को लेकर भी परिजनों ने नाराजगी जताई. इस घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है. हालांकि वीडियो में सामने आए घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पोस्टमार्टम से किया इनकार

प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है. पुलिस के अनुसार, मामले में जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल डॉक्टर पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.

Must Read: दिवाली-छठ के बीच बिजली उपभोक्ताओं को राहत की उम्मीद, नवंबर के बिल में 9% तक छूट संभव