Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

अंडमान सागर में बन रहा मौसम का नया सिस्टम, 15 नवंबर को डिप्रेशन में बदल सकता है; क्या फिर आएगा चक्रवात?

INT News13 November 2026 at 03:20 pm

Bay of Bengal Weather Update: INSAT-3DS सैटेलाइट से 13 नवंबर को ली गई थर्मल इंफ्रारेड तस्वीरों में दक्षिणी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों का बड़ा समूह दिखाई दिया है. इन तस्वीरों से समुद्र के ऊपर विकसित हो रहे मौसम के सिस्टम की गतिविधियों का पता चलता है.

IMD के अनुसार, मध्य अंडमान सागर और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण (Upper Air Cyclonic Circulation) के प्रभाव से 13 नवंबर को सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना.

15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदल सकता है सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. 14 नवंबर के आसपास इसके और मजबूत होकर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र (Well-Marked Low Pressure Area) में बदलने की संभावना है.

इसके बाद 15 नवंबर के आसपास इसी क्षेत्र में इसके डिप्रेशन में तब्दील होने का अनुमान है. इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है.

बंगाल की खाड़ी में 65 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

IMD ने समुद्र के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है.

अंडमान सागर: 13 और 14 नवंबर को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. झोंकों के साथ इनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी: 13 से 16 नवंबर के बीच 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी: 15 से 17 नवंबर के बीच हवा की रफ्तार 45-55 किमी प्रति घंटे रह सकती है. झोंकों के साथ यह 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

मध्य बंगाल की खाड़ी: 16 और 17 नवंबर को 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के साथ 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें: Maharashtra Weather: सुबह बढ़ेगी ठंडक, अगले 2 दिन बारिश का अलर्ट नहीं; जानें मुंबई-पुणे में कैसा रहेगा मौसम?

क्या चक्रवात में बदल सकता है यह सिस्टम?

फिलहाल मौसम विभाग ने इस सिस्टम के 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलने का अनुमान जताया है. हालांकि, इसके बाद यह कितना मजबूत होगा, यह समुद्र की स्थिति और वायुमंडलीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगा.

अगले 48 घंटे इस सिस्टम के लिए बेहद अहम होंगे. इसी दौरान पता चलेगा कि यह कितनी तेजी से मजबूत होता है और क्या डिप्रेशन से आगे बढ़कर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है.

बंगाल की खाड़ी में मानसून के बाद के मौसम में इस तरह के सिस्टम विकसित होना सामान्य है. IMD इसकी दिशा और ताकत पर लगातार नजर बनाए हुए है. आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति के अनुसार नए अपडेट जारी किए जा सकते हैं.