Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैन के बाद भी बना रहा था कार्बाइड गन:भिंड में 7 गन जब्त, इसे बनाने का सामान भी मिला

INT News25 October 2026 at 06:39 pm

भिंड में दीपावली से पहले प्रतिबंध के बावजूद कार्बाइड गन बनाने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने 25 अक्टूबर को माधौगंज हाट के पास एक वेल्डिंग की दुकान पर छापा मारा। यहां से सात कार्बाइड गन जब्त की गईं। पुलिस के मुताबिक, सरोज नगर निवासी सईम खां (27), पिता सलीम खां, इन्हें तैयार कर रहा था। पुलिस ने मौके से वेल्डिंग मशीन, पांच छड़ और लोहे का हथौड़ा भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपए आंकी गई है। मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर के मुताबिक, दीपावली और आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रतिबंधित पटाखों और तेज आवाज करने वाली कार्बाइड गन के निर्माण, खरीद-बिक्री और उपयोग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि माधौगंज हाट के पास एक व्यक्ति अपनी वेल्डिंग की दुकान पर पोटाश कार्बाइड गन बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा और सामग्री जब्त की। कार्बाइड गन बनाने और इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध जिला प्रशासन ने दीपावली और आगामी त्योहारों को देखते हुए लोहे, स्टील या पीवीसी पाइप में विस्फोटक पदार्थ भरकर तेज आवाज करने वाली कार्बाइड गन के निर्माण, खरीद-बिक्री, भंडारण, परिवहन और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। तीन कानूनों के तहत केस दर्ज थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने बताया कि मामले में अपराध क्रमांक 547/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए), विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) और आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ए) के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में की गई।