समाचार · पंजाब
हरियाणा की बेटियों ने जीती नेशनल जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप:फाइनल में हिमाचल को 8 अंकों से हराया: महाराष्ट्र रहा तीसरे स्थान पर; नीतिका प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में 26 से 29 नवंबर तक आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप (लड़कियां) में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। रविवार 29 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने हिमाचल प्रदेश को आठ अंकों के अंतर से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की 27 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में पहुंची दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन हरियाणा की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश की टीम को पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जापान में होने वाली प्रतियोगिता के लिए भी चयन प्रक्रिया, महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर इस मौके पर इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के महासचिव तेजस्वी सिंह गहलोत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ी देश का भविष्य हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से जापान में होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता के लिए भी खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जूनियर स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाली ये खिलाड़ी भविष्य में भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को बधाई दी। प्रतियोगिता के आयोजक मंडल के सदस्य प्रिंसिपल भूपिंदर सिंह ने बताया कि विभिन्न राज्यों से पहुंची 27 टीमों के खिलाड़ियों के रहने और खाने-पीने के उचित प्रबंध किए गए थे। प्रतियोगिता में हरियाणा ने पहला, हिमाचल प्रदेश ने दूसरा और महाराष्ट्र ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
नीतिका चुनी गईं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, जीत का श्रेय टीम वर्क को हरियाणा की खिलाड़ी नीतिका को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) चुना गया। इस उपलब्धि पर नीतिका और उनकी टीम के कोच ने खुशी जाहिर करते हुए जीत का श्रेय टीम वर्क, कोच और टीम मैनेजमेंट को दिया। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए आयोजकों का भी आभार जताया।