Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

15 लाख के जेवर चोरी करने वाला रीवा से गिरफ्तार:छिंदवाड़ा में सूने मकान का तोड़ा था ताला, साथी अभी भी फरार

INT News25 October 2026 at 06:45 pm

छिंदवाड़ा के चंदनगांव में सूने मकान से करीब 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने रीवा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ सोनू कुशवाहा (28), निवासी सिमरिया, जिला रीवा के कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल उसका साथी विकास उर्फ बहात्तर सिंह अब भी फरार है। कोतवाली पुलिस ने पत्रकारवार्ता में मामले की जानकारी दी। थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे के अनुसार, महाजन लॉन के पीछे चंदनगांव निवासी संतोष फरकारे (48) ने 1 अक्टूबर 2026 को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पत्नी के घर लौटने पर पता चली चोरी संतोष फरकारे 30 सितंबर को कंपनी के काम से बिछुआ गए थे। उनकी पत्नी स्कूल गई थीं। दोपहर करीब 3 बजे पत्नी घर लौटीं तो मकान का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी में रखे कपड़े बिखरे थे और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(1) और 331(3) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग दिनदहाड़े हुई चोरी के बाद पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में टीम बनाई गई। नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी और कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को पुष्पेंद्र कुशवाहा के घटनास्थल के आसपास घूमने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उत्तरप्रदेश में उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया है और वह कई मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने रीवा, सतना, चित्रकूट, मैहर और कटनी में उसकी तलाश की। बाद में उसके सिवनी में होने की सूचना मिली। पुलिस ने वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में साथी के साथ चोरी करना कबूला पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुष्पेंद्र उर्फ सोनू, पिता राजेंद्र कुशवाहा, उम्र 28 वर्ष, निवासी सिमरिया, जिला रीवा बताया। पुलिस का दावा है कि उसने विकास उर्फ बहात्तर सिंह के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। दूसरा आरोपी विकास उर्फ बहात्तर सिंह, निवासी डांट, थाना सिमरिया, जिला रीवा, फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।