समाचार · मध्य प्रदेश
गुना में स्कूल के मैदान में फैलाई मक्का:ग्रामीणों का आरोप- सरपंच सरकारी संपत्ति का निजी उपयोग कर रहे; बच्चों का खेलना बंद
गुना जिले की ग्राम पंचायत पाड़ोन में माध्यमिक विद्यालय कुम्हारी और पंचायत भवन के साझा मैदान में मक्का सुखाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच ने कटाई के बाद अपनी मक्का की फसल मैदान में डाल दी है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें मैदान में बड़ी मात्रा में मक्का फैली दिखाई दे रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस मैदान का इस्तेमाल बच्चे खेलकूद और स्कूल की अन्य गतिविधियों के लिए करते हैं। मक्का फैली होने से इन गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। मैदान में मक्का के भुट्टे रखने का आरोप ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रतन सिंह धनु, बाबू अमर सिंह टन्या और पाड़ोन सरपंच ने मनमाने तरीके से मैदान में मक्का के भुट्टे रखे हैं। उनका कहना है कि फसल के कारण मैदान का उपयोग नहीं हो पा रहा है। साथ ही, मक्का से निकला कचरा और गंदगी भी मैदान में फैल रही है। प्रशासन से मैदान खाली कराने की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की जांच कराने और मैदान से मक्का हटवाने की मांग की है। उन्होंने सार्वजनिक परिसर का निजी फसल सुखाने के लिए इस्तेमाल रोकने की भी मांग की है। इस मामले में पक्ष जानने के लिए सरपंच से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं लगा।