समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना में नाबालिग को अगवा कर ₹1.50 लाख में बेचा:जबरन देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का पर्दाफाश; महिला समेत दो गिरफ्तार
पन्ना जिले के सलेहा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को अगवा कर खरीदने-बेचने और जबरन देह व्यापार में धकेलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 24 अक्टूबर को एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 16,500 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। जनवरी में घर से ले गया था युवक सलेहा थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय के मुताबिक, इस साल जनवरी में एक युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने लड़की का शारीरिक शोषण किया। कुछ दिन बाद उसने एक साथी के साथ मिलकर लड़की को डेढ़ लाख रुपए में दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। कई लोगों के हाथों बेचे जाने का आरोप पुलिस के अनुसार, दूसरे व्यक्ति ने भी लड़की को जबरन अपने पास रखकर उसका शोषण किया। बाद में उसे एक महिला के हाथों बेच दिया गया। आरोप है कि महिला ने लड़की को गंगानगर (नकटी) गांव स्थित अपने ठिकाने पर बंधक बनाकर रखा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और देह व्यापार से मिलने वाली रकम आरोपी अपने पास रख लेते थे। अगस्त में घर लौटी, परिजनों को बताई आपबीती थाना प्रभारी ने बताया कि अगस्त में लड़की किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर घर पहुंची। उसने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने सलेहा थाने में शिकायत की। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। एक आरोपी अब भी फरार पुलिस ने इस मामले में पोक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार महिला और दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में है। थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।