समाचार · मध्य प्रदेश
पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह को श्रद्धांजलि देने भिंड पहुंचे सिंधिया:तस्वीर पर फूल चढ़ाए, परिवार से मिलकर जताई संवेदना; BJP जिलाध्यक्ष का भी हाल जाना
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को भिंड पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह को श्रद्धांजलि दी। पुष्पेंद्र का 20 अक्टूबर को गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया था। इसके बाद सिंधिया भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया के घर पहुंचे। उनका हाल जाना। वहीं, नेशनल हाईवे-719 के चौड़ीकरण का टेंडर रद्द होने से नाराज परशुराम सेना के कार्यकर्ता सिंधिया को काले झंडे दिखाने पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन से पहले ही उन्हें नजरबंद कर लिया। विधायक के परिवार से मिले सिंधिया सिंधिया विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार से मिलकर दुख जताया। मुश्किल समय में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। भाजपा जिलाध्यक्ष का हाल जाना इसके बाद सिंधिया आर्य नगर स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया के घर पहुंचे। उन्होंने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और जल्द ठीक होने की कामना की। इस दौरान नरवरिया ने सिंधिया को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मौके पर पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व विधायक रणवीर जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि सेन जैन और राजेंद्र शर्मा राजे सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। काले झंडे दिखाने पहुंचे, पुलिस ने नजरबंद किया नेशनल हाईवे-719 के चौड़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया रद्द होने से स्थानीय लोग नाराज हैं। सिंधिया के भिंड आने की सूचना पर परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा सोनू अपने समर्थकों के साथ उन्हें काले झंडे दिखाने पहुंचे। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने प्रदर्शन से पहले ही देवेश शर्मा और उनके साथियों को नजरबंद कर लिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण का काम आगे बढ़ाया जाए। साथ ही रद्द हुई टेंडर प्रक्रिया को लेकर स्थिति साफ की जाए।