national
ट्रॉफी के तौर पर दुश्मनों के सिर कंकाल रखते थे नागा, अंग्रेज लूटकर ले गए थे ब्रिटेन; 100 साल बाद भारत को लौटाईं खोपड़ियां

ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के पिट रिवर्स म्यूजियम से नागा समुदाय के 39 पूर्वजों के अवशेष भारत लौटाए गए हैं. इनमें ज्यादातर इंसानी खोपड़ियां हैं. ये अवशेष 100 साल से भी ज्यादा समय से ब्रिटेन में रखे हुए थे. इन्हें ब्रिटिश शासन के दौरान नागा इलाकों से ले जाया गया था. 9 नवंबर 2026 को ऑक्सफोर्ड में आयोजित एक समारोह में संग्रहालय ने इन्हें नागा समुदाय के प्रतिनिधियों को सौंप दिया. लेकिन सवाल है कि आखिर अंग्रेज इन लोगों के अवशेष ब्रिटेन क्यों ले गए थे और नागा समुदाय इन्हें वापस क्यों चाहता था?
कब और कैसे ब्रिटेन पहुंचीं नागा लोगों की खोपड़ियां?
पिट रिवर्स म्यूजियम के मुताबिक, नागा समुदाय के पूर्वजों के अवशेष ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के दौरान संग्रहालय तक पहुंचे थे. इनमें से ज्यादातर अवशेष 1910 से 1940 के बीच ब्रिटिश अधिकारियों जॉन हेनरी हटन और जेम्स फिलिप मिल्स के जरिए संग्रहालय में लाए गए. ये दोनों अधिकारी भारतीय सिविल सेवा में काम करते थे और नागा समुदाय की संस्कृति और जीवनशैली पर अध्ययन भी करते थे.
उस समय ब्रिटिश अधिकारी भारत के अलग-अलग समुदायों की संस्कृति, रीति-रिवाज और शारीरिक बनावट का अध्ययन करने के नाम पर कई चीजें इकट्ठा करते थे. संग्रहालयों में इन्हें शोध और प्रदर्शन के लिए रखा जाता था. लेकिन नागा लोगों के मामले में हर चीज स्वेच्छा से नहीं दी गई थी.
पिट रिवर्स म्यूजियम ने अपनी वेबसाइट पर माना है कि औपनिवेशिक दौर में कई वस्तुएं सैन्य अभियानों के दौरान जबरन ली गई थीं. यानी कुछ अवशेष लोगों की सहमति से नहीं, बल्कि ब्रिटिश सैन्य कार्रवाई के दौरान कब्जे में लिए गए थे.
नागा गांव से सिर लाने के लिए निकाला गया था सैन्य अभियान
ARTnews की रिपोर्ट के मुताबिक संग्रहालय के रिकॉर्ड में 1936 के पांग्शा अभियान का भी जिक्र है. ब्रिटिश अधिकारी जेम्स फिलिप मिल्स ने इस अभियान के दौरान हथियारबंद सैनिकों के साथ एक गांव का दौरा किया था. वहां से दूसरे गांव में ले जाए गए सिर वापस करने की मांग की गई थी. मिल्स ने अपने लेख में यह भी लिखा था कि इस अभियान से संग्रहालय को कुछ अच्छे नमूने मिल सकते हैं.
इससे पता चलता है कि उस दौर में नागा समुदाय के लोगों के अवशेषों को कई बार उनके परिवारों की अनुमति के बिना संग्रहालयों के लिए इकट्ठा किया गया था. बाद में इन्हें शोध और प्रदर्शन की वस्तुओं की तरह रखा गया.
नागा समुदाय में क्या थी सिर रखने की परंपरा?
उस समय नागा समुदाय के कुछ समूहों में सिर काटकर रखने की परंपरा थी. युद्ध या दुश्मनी के दौरान विरोधी पक्ष के लोगों के सिर को ट्रॉफी के रूप में रखा जाता था. इसे आज की नजर से समझना आसान नहीं है, लेकिन उस दौर में यह कुछ नागा समूहों की सामाजिक और युद्ध संबंधी परंपराओं का हिस्सा था.
हालांकि, हर खोपड़ी दुश्मन की नहीं थी. नागा समुदाय के लोग अपने परिवार और गांव के प्रमुखों के अवशेषों को भी संभालकर रखते थे. उनका अपने पूर्वजों से भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव था. कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की मानवविज्ञानी डॉली किकोन के मुताबिक, लौटाए गए अवशेषों में एक नागा प्रमुख की खोपड़ी भी शामिल है.
पिट रिवर्स म्यूजियम ने भी माना है कि नागा समुदाय ने इन अवशेषों को केवल 'युद्ध की ट्रॉफी' बताने वाली औपनिवेशिक सोच पर सवाल उठाए हैं. समुदाय के मुताबिक, इनमें कई ऐसे लोग भी थे, जिनके अवशेषों की देखभाल उनके परिवार और गांव के लोग करते थे.
नागा समुदाय क्यों वापस चाहता था अपने पूर्वजों के अवशेष?
नागा समुदाय के लिए ये केवल पुरानी हड्डियां या संग्रहालय की वस्तुएं नहीं हैं. ये उनके पूर्वजों के अवशेष हैं. समुदाय का मानना है कि मृत व्यक्ति को सम्मान के साथ अंतिम विदाई और दफनाने की परंपरा के अनुसार विदाई मिलनी चाहिए. अपने पूर्वजों के अवशेषों को विदेशी धरती पर संग्रहालय में रखे देखना उनके लिए दुख और अपमान का विषय था.
सुमी होहो नागा जनजाति के अध्यक्ष डॉ. विहुतो असुमी ने कहा कि ये अवशेष एक सदी से अधिक समय से विदेशी धरती पर थे. समुदाय का विश्वास है कि उनके पूर्वजों की आत्माओं को अभी शांति नहीं मिली है. उन्हें वापस लाकर दफनाने से पूर्वजों के साथ-साथ उन लोगों को भी आध्यात्मिक शांति मिलेगी, जिनकी मृत्यु उस दौर में हुई थी.
नागा समुदाय के नेताओं की योजना सभी 39 अवशेषों को एक संयुक्त स्मारक स्थल पर दफनाने की है. यह स्थान आने वाली पीढ़ियों के लिए शांति, सम्मान और नागा समुदाय की एकता का प्रतीक होगा.
ये भी पढ़ें: Iran Threats: क्या ईरान की धमकी से डरे ट्रंप के ट्रेजरी सेक्रेटरी? घर छोड़ सैन्य ठिकाने पर पहुंचे स्कॉट बेसेंट
2020 में शुरू हुई थी वापसी की कोशिश
पिट रिवर्स म्यूजियम ने 2020 में इंसानी अवशेषों को संग्रहालय में सार्वजनिक प्रदर्शन से हटा दिया था. इसी के बाद नागा समुदाय और संग्रहालय के बीच बातचीत शुरू हुई. मानवविज्ञानी डॉली किकोन ने संग्रहालय की निदेशक लॉरा वान ब्रोकहोवन से संपर्क कर नागा समुदाय को इस प्रक्रिया से जोड़ने में मदद की.
फोरम फॉर नागा रिकन्सिलिएशन (FNR), जनजातीय संगठनों, बुजुर्गों, चर्चों और स्थानीय समुदायों ने मिलकर अवशेषों की पहचान और वापसी की मांग आगे बढ़ाई. जुलाई 2026 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की काउंसिल ने 39 अवशेष लौटाने की मंजूरी दी. 9 नवंबर को इन्हें औपचारिक रूप से नागा समुदाय को सौंप दिया गया.
म्यूजियम के रिकॉर्ड में नागा समुदाय से जुड़े कुल 219 मानव अवशेष दर्ज हैं. इनमें 39 पूर्वजों के अवशेष और 178 ऐसी वस्तुएं शामिल हैं, जिनमें इंसानी बाल हैं या उनके होने की आशंका है. मौजूदा वापसी में 39 पूर्वजों के अवशेष ही शामिल हैं.