समाचार · मध्य प्रदेश
बरमान स्कूल की प्राचार्य को हटाया:जांच पूरी होने तक बीईओ कार्यालय अटैच, छात्राओं ने लगाए थे प्रताड़ना के आरोप
नरसिंहपुर के बरमान कला शासकीय हाई स्कूल की प्राचार्य गीता गौहर को छात्र-छात्राओं से कथित अभद्रता और प्रताड़ना के आरोपों के बाद स्कूल से हटाया गया है। गुरुवार को शिक्षा विभाग ने उन्हें जांच पूरी होने तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), नरसिंहपुर के कार्यालय में उपस्थित रहने का आदेश दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की अनुमति से यह आदेश जारी किया। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। छात्राओं ने लगाए थे प्रताड़ना के आरोप छात्राओं ने प्राचार्य पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, टॉयलेट साफ कराने और सजा के तौर पर गिट्टी पर घुटनों के बल बैठाने के आरोप लगाए थे। विद्यार्थियों ने परिजनों के साथ बरमान चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी और प्राचार्य को हटाने की मांग की थी। प्राचार्य ने आरोपों को खारिज किया था। उनका कहना था कि बच्चों से केवल बाथरूम में पानी डालने के लिए कहा गया था और सफाई वे खुद करती हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है। उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।