समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार:खेत में मिले शव; 27 खूंटियां और तार जब्त
सतना जिले के चित्रकूट वन परिक्षेत्र के खनतार गांव में करंट लगाकर दो जंगली सूअरों का शिकार किया गया। दोनों के शव खेत में मिले। इनमें से एक सूअर को काटने की कोशिश भी की गई थी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौके से शिकार में इस्तेमाल लकड़ी और बांस की 27 खूंटियां और करीब 1.5 किलो जीआई तार जब्त किया है। वन विभाग ने एक व्यक्ति के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है। खेत में करंट फैलाकर किया शिकार चित्रकूट रेंजर अभिषेक मिश्रा के मुताबिक, 3 नवंबर की दोपहर मुखबिर से खनतार गांव के एक खेत में दो जंगली सूअरों के शिकार की सूचना मिली थी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बिजली के करंट से शिकार किए जाने के साक्ष्य मिले। खेत में दोनों सूअरों के शव पड़े थे। इनमें से एक को काटने का प्रयास भी किया गया था। खेत मालिक ने बटाई पर दी थी जमीन जांच के दौरान वन विभाग ने खेत मालिक राधेश्याम गौतम पिता इंद्रजीत गौतम के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि उनका और उनके भाई का खेत पिंडरा निवासी राहुल चतुर्वेदी पिता उमेश चतुर्वेदी को बटाई पर दिया गया है। खेत मालिक ने बताया कि उनकी उम्र 75 साल है और खेत घर से करीब दो किलोमीटर दूर है। इस वजह से वह नियमित रूप से वहां नहीं जाते। उन्होंने शिकार की जानकारी होने से इनकार करते हुए खेत की जिम्मेदारी बटाईदार की बताई। पोस्टमार्टम के बाद शवों का दाह संस्कार वन विभाग ने राहुल चतुर्वेदी के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है। मझगवां के पशु चिकित्सक ने दोनों सूअरों का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उनके शवों का दाह संस्कार कराया गया। वन विभाग के अनुसार, आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।