sports
IND vs NZ: न्यूजीलैंड में दिखा वैभव सूर्यवंशी-अभिषेक शर्मा का क्रेज, चौथे टी20 का टिकट कुछ मिनटों में हुआ Sold Out

IND vs NZ 4th T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का रोमांच अब दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है.
अब शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले चौथे टी20 मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं. न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, मैच देखने के लिए 40 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंच सकते हैं. ऐसा हुआ तो ईडन पार्क में द्विपक्षीय सीरीज के मैचों की दर्शक संख्या का नया रिकॉर्ड बन सकता है.
अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का दिखा असर
वेलिंग्टन में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की. भारत ने 199 रन का लक्ष्य सिर्फ 13.2 ओवर में हासिल कर लिया और छह विकेट से मुकाबला जीत लिया.
अभिषेक ने महज 38 गेंदों में नाबाद 113 रन की पारी खेली, जिसमें नौ चौके और 11 छक्के शामिल थे. वैभव सूर्यवंशी ने भी 19 गेंदों में 45 रन बनाकर उनका भरपूर साथ दिया. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली.
ये भी पढ़ें: Video: 'वैभव, ठंडा पानी मत पीना...', महिला फैन की बात सुन मुस्कुराए सूर्यवंशी, रिएक्शन वायरल
ऑकलैंड में टूट सकता है सात साल पुराना रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे टी20 मैच के सभी टिकट 60 मिनट के अंदर ही बिक चुके हैं. मुकाबले के लिए 40 हजार से अधिक दर्शकों के ईडन पार्क पहुंचने की संभावना है. इससे पहले 2019 में भारत और न्यूजीलैंड की पुरुष और महिला टीमों के मैच एक ही दिन देखने के लिए इस मैदान पर 36,523 दर्शक पहुंचे थे.
अगर चौथे टी20 में दर्शकों की संख्या 40 हजार के पार जाती है, तो द्विपक्षीय सीरीज के मैचों के लिए ईडन पार्क में नया रिकॉर्ड बन सकता है. सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के टिकट भी बिक गए थे. रविवार को सेडन पार्क में होने वाले पांचवें और आखिरी टी20 मैच के टिकट भी पूरी तरह बिक चुके हैं.
ईडन पार्क में सबसे ज्यादा दर्शक कब पहुंचे थे?
ईडन पार्क में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए इससे ज्यादा दर्शक सिर्फ दो मौकों पर पहुंचे हैं. 2015 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले को करीब 41 हजार दर्शकों ने देखा था. वहीं, रिपोर्टों के मुताबिक 1982 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे मैच के लिए 42 हजार दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे.
ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे टी20 मुकाबले पर सबकी नजरें रहेंगी. भारतीय टीम पहले ही सीरीज जीत चुकी है, लेकिन अभिषेक और वैभव की बल्लेबाजी देखने के लिए दर्शकों में उत्साह साफ नजर आ रहा है.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: 'ऐसी बल्लेबाजी पहले नहीं देखी', सूर्यवंशी-अभिषेक की बैटिंग देख हैरान रह गए श्रेयस अय्यर