Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल में 17 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत:सड़क किनारे टूटी मिली बाइक,घर से काम पर निकला था अक्षय,परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की

INT News22 October 2026 at 11:49 am

करनाल के बड़ागांव के 17 वर्षीय युवक अक्षय की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी बाइक गांव से करीब दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे टूटी हुई मिली। परिवार को अगले दिन बाइक के क्षतिग्रस्त हालत में पड़े होने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। वहां पता चला कि अक्षय की मौत हो चुकी है। परिवार को आशंका है कि रास्ते में उसके साथ हादसा हुआ, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की है। चौगांवा ढाबे पर काम करता था अक्षय

परिजनों ने बताया कि अक्षय चौगांवा ढाबे पर काम करता था। वह कल दोपहर करीब 3 बजे अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। परिवार को लगा कि वह रोज की तरह काम पर गया है। वह कई बार रात को ढाबे पर ही रुक जाता था, इसलिए शुरुआत में किसी को चिंता नहीं हुई। हालांकि, अक्षय ढाबे पर भी नहीं पहुंचा और उसका फोन बंद आने लगा। इससे परिवार की परेशानी बढ़ गई। सुबह घर पहुंचे पिता तो नहीं मिला बेटा

अक्षय के पिता नर्सरी में काम करते हैं। परिजनों के अनुसार, वह आज सुबह करीब 4 बजे घर पहुंचे तो अक्षय वहां नहीं था। उन्हें लगा कि बेटा काम पर होगा, लेकिन बाद में पता चला कि वह ढाबे पर भी नहीं पहुंचा था। अगले दिन परिवार को जानकारी मिली कि बड़ागांव से करीब दो किलोमीटर दूर रास्ते में अक्षय की बाइक टूटी हुई पड़ी है। बाइक घटनास्थल से काफी दूर मिली थी। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में अस्पताल पहुंचे। किसने अस्पताल पहुंचाया, इसकी जानकारी नहीं

परिजनों ने बताया कि हादसे में घायल अक्षय को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि अक्षय को अस्पताल में किसने भर्ती कराया। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग

परिजनों का कहना है कि बाइक टूटी मिलने और अक्षय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कारण कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अभी यह साफ नहीं है कि उसके साथ सड़क हादसा हुआ था या कोई अन्य अनहोनी हुई। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की असल वजह सामने लाने की मांग की है।