समाचार · पंजाब
बठिंडा में नशे का अड्डा बनी इमारत ढहाई:नसीबपुरा में पुलिस और सिविल प्रशासन ने की संयुक्त कार्रवाई
INT News1 November 2026 at 03:46 pm
बठिंडा में रविवार को पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत गांव नसीबपुरा में एक इमारत को ढहा दिया। पुलिस के अनुसार, इस इमारत का इस्तेमाल कुछ लोग नशे के सेवन के लिए कर रहे थे। पुलिस ने सिविल प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की। डीएसपी तलवंडी साबो जसजोत सिंह ने बताया कि गांव नसीबपुरा के बीच स्थित एक इमारत में नशे का सेवन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद बठिंडा पुलिस ने मामले की जांच की और सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ तालमेल कर संयुक्त कार्रवाई करते हुए इमारत को ढहा दिया गया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खात्मे के लिए पुलिस की ओर से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नशे की सप्लाई करने वालों के साथ-साथ नशे के सेवन के लिए जगह उपलब्ध करवाने वालों के खिलाफ भी नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।