समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह में चाट की दो दुकानों में आग:संचालक बोले-किसी ने जानबूझकर लगाई; टीआई बोले-मामले की जांच जारी
दमोह के धर्मपुरा बाईपास के पास चाट की दो दुकानों में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि घटना किसी ने जानबूझकर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह जब दुकानदार योगेश कोरी अपनी दुकान पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि पूरी दुकान जल चुकी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। संचालक बोले- दोनों दुकानें जलकर राख चाट दुकान संचालक योगेश कोरी ने बताया कि वे शनिवार रात करीब 11 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह 8 बजे उन्हें स्थानीय लोगों से फोन पर आग लगने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर उनकी दोनों दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। आग में कुर्सी, टेबल, फ्रिज, मिक्सी और सीसीटीवी कैमरे सहित करीब 70 से 80 हजार रुपए का सामान जल गया। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि अगर कैमरे नहीं जलते तो आरोपियों की पहचान हो सकती थी। टीआई बोले-मामले की जांच जारी कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस बारे में जानकारी दी जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना वाली जगह कोतवाली थाना क्षेत्र में आती है या जबलपुर नाका चौकी के तहत।