समाचार · छत्तीसगढ़
बलरामपुर SP कार्यालय में फहराया तिरंगा:SP बोले- ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन ही सच्ची देशभक्ति; सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बलरामपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सशस्त्र सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद एसपी वैभव बैंकर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने और जिले की बेहतरी के लिए काम करने का आह्वान किया। सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी कार्यक्षमता का बेहतर प्रदर्शन करने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों से स्वयं दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी समाज को भी इन बुराइयों से दूर रखने के लिए प्रभावी प्रयास करें। साथ ही निजी जीवन में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुकरणीय व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया। ASP ने भी किया मेहनत से काम करने का आह्वान कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी, डीएसपी मो. याकूब मेमन, डीएसपी कमलेश्वर भगत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।