Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Kulgam Attack: बाइक से आए, गोलियां बरसाईं और भाग निकले, क्या है आतंकियों की 'शूट एंड स्कूट' रणनीति?

INT News11 November 2026 at 06:56 pm

Kulgam Terror Attack: बुधवार (11 नवंबर) दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट का समय. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF के जवान सुरक्षा नाके पर तैनात थे. इसी समय मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर वहां पहुंचे और अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. जवानों को संभलने का मौका मिलता, उससे पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए. इस फायरिंग में तीन CRPF जवान घायल हो गए. रक्षा विशेषज्ञ हेमंत महाजन ने इसे 'शूट एंड स्कूट' रणनीति बताया है. उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों का मकसद सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के साथ यह संदेश देना है कि कश्मीर में सब कुछ सामान्य नहीं है.

क्या है 'शूट एंड स्कूट' रणनीति?

'शूट एंड स्कूट' यानी हमला करो और तुरंत भाग निकलो. इस रणनीति में हमलावर किसी सुरक्षा चौकी या जवानों को अचानक निशाना बनाते हैं. इसके बाद वे जवाबी कार्रवाई का सामना करने के बजाय तेजी से घटनास्थल छोड़ देते हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रक्षा विशेषज्ञ हेमंत महाजन ने बताया कि कुलगाम में CRPF नाके पर इसी तरह का हमला किया गया. हमलावर वाहन से आए, फायरिंग की, जवानों को घायल किया और फिर गायब हो गए. महाजन ने कहा कि अगर हमलावर मौके पर रुकते तो सुरक्षाबलों की कार्रवाई में मारे जा सकते थे. उन्होंने विश्वास जताया कि सुरक्षा एजेंसियां अगले एक से दो सप्ताह में हमलावरों का पता लगा लेंगी.

कुलगाम में CRPF पिकेट पर हुआ यह आतंकी हमला, शूट-एंड-स्कूट टाइप का हमला था. इस मायने में कि आतंकवादी किसी गाड़ी में आए, फायरिंग की, CRPF जवानों को घायल किया, और उसके बाद गायब हो गए. मैं इस तरह के हमले से हैरान नहीं हूं. हालांकि मैं यहीं साफ कर देना चाहता हूं कि यह शूट-एंड-स्कूट टाइप का हमला था, मतलब अगर आतंकवादी वहीं रुक जाते, तो मारे जाते. मुझे कोई शक नहीं है कि अगले एक से दो हफ्तों में उन्हें ट्रैक करके मार दिया जाएगा- रक्षा विशेषज्ञ हेमंत महाजन

अचानक हमले के पीछे क्या था आतंकियों का मकसद?

हेमंत महाजन का कहना है कि ऐसे हमलों के पीछे सिर्फ जवानों को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं होता. इसके जरिए आतंकी यह दिखाने की कोशिश करते हैं कि क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह के अचानक हमले कभी-कभी होते रह सकते हैं. महाजन ने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लंबी है और सुरक्षा एजेंसियों को ऐसी चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा.

इस तरह का सरप्राइज हमला, यह दिखाने के लिए कि सब कुछ नॉर्मल नहीं है, कभी-कभी होता रहेगा. जहां तक ​​पाकिस्तान के सपोर्ट वाले आतंकवाद से लड़ने की बात है, यह एक लंबी लड़ाई है. हमें इसके लिए तैयार रहना होगा- रक्षा विशेषज्ञ हेमंत महाजन

कुलगाम और शोपियां को लेकर रक्षा विशेषज्ञ ने क्या कहा?

रिटायर्ड कैप्टन और रक्षा विशेषज्ञ अनिल गौड़ ने भी इस घटना पर चिंता जताई है. जम्मू में न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुलगाम और शोपियां 1990 के दशक से आतंकी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन इलाकों में अधिकांश आतंकी गतिविधियों पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कुछ भूमिगत और ओवरग्राउंड वर्कर अब भी सक्रिय हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कुछ लोगों को पाकिस्तान से आर्थिक मदद मिलती है. गौड़ ने आशंका जताई कि इसी तरह के नेटवर्क से जुड़े लोग हमले के पीछे हो सकते हैं.

समस्या यह है कि कुलगाम और शोपियां 1990 के दशक से आतंकवादी गतिविधियों के बड़े सेंटर रहे हैं. आज, जैसा कि हम देख सकते हैं, इनमें से ज्यादातर गतिविधियों पर काबू पा लिया गया है. हालांकि, कुछ अंडरग्राउंड और ओवरग्राउंड वर्कर अभी भी वहां काम कर रहे हैं. वे कथित तौर पर पाकिस्तान के पेरोल पर हैं, और उन्होंने ही अब यह हमला किया है. इस तरह का हमला हुए काफी समय हो गया है, खासकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर- रिटायर्ड कैप्टन और डिफेंस एक्सपर्ट अनिल गौर

नेशनल हाईवे से चार किलोमीटर दूर हुआ हमला

CRPF ने बताया कि जिस सुरक्षा नाके पर फायरिंग हुई, वह नेशनल हाईवे से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित है. हमले के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया. CRPF ने अपने बयान में बताया कि गोलीबारी में तीन जवान घायल हुए हैं. हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है और घायल जवानों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है. घटना के बाद कई सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं.

तीन राज्यों के जवान घायल, एक की हालत कुछ गंभीर

हमले में घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंद्रू के रूप में हुई है. पश्चिम बंगाल के रहने वाले संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ में चोट आई है. शुरुआती जानकारी में उनकी हालत अन्य दो जवानों की तुलना में कुछ गंभीर बताई गई. वहीं, असम के कांस्टेबल राकेश दास के पैर में गोली लगी है. मध्य प्रदेश के हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के हाथ में गोली लगी है. दोनों की हालत स्थिर बताई गई है. तीनों जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) ले जाया गया. इधर सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है. (एजेंसी इनपुट)

Also Read: जम्मू कश्मीरः कुलगाम में CRPF चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल, सेना ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन