समाचार · हरियाणा
गवर्नमेंट कॉलेज-मधुबन पार्क में बिकेंगे महिलाओं के बनाए उत्पाद:नगर निगम ने ड्रॉ से आवंटित किए 3 पोर्टा केबिन; निगम कार्यालय में चलेगी कैंटीन
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। निगम क्षेत्र में महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को अपने उत्पाद बेचने के लिए तीन पोर्टा केबिन उपलब्ध करवाए गए हैं। इन केबिनों के माध्यम से महिलाओं को अपने बनाए सामान की बिक्री के लिए साझा बाजार मिलेगा। इस अवसर पर एपीओ सुनील वर्मा मौजूद रहे। निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा के आदेशानुसार संयुक्त आयुक्त कुलभूषण बंसल के कार्यालय में तीनों पोर्टा केबिन के आवंटन के लिए ड्रॉ निकाला गया। इस प्रक्रिया में कुल नौ महिला स्वयं सहायता समूहों ने पंजीकरण करवाया था, जबकि ड्रॉ के दौरान चार समूहों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
निगम कार्यालय में कैंटीन, दो स्थानों पर बिकेंगे उत्पाद
ड्रॉ प्रक्रिया में सबसे पहले नगर निगम कार्यालय में स्थापित पोर्टा केबिन में कैंटीन संचालन के लिए ड्रॉ निकाला गया। इसमें शिव कुमार का नाम आया। इसके बाद पुराने गवर्नमेंट कॉलेज परिसर में सामान बिक्री के लिए बनाए गए केबिन का आवंटन लाभ स्वयं सहायता समूह को हुआ। वहीं, मधुबन पार्क में स्थापित पोर्टा केबिन भविष्य समूह को मिला। छह महीने बाद दूसरे समूहों को मिलेगा अवसर
नगर निगम प्रशासन के अनुसार तीनों पोर्टा केबिन छह महीने की अवधि के लिए किराए पर दिए जाएंगे। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अन्य स्वयं सहायता समूहों को भी रोजगार का अवसर मिलेगा। इसके लिए ड्रॉ के माध्यम से प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई है। इसमें लक्ष्य एसएचजी, ताज एसएचजी, कांता एसएचजी, अनूप एसएचजी, श्री बालाजी और लक्ष्मण समूह शामिल हैं। यदि आवंटित समूहों में से कोई केबिन का संचालन करने का इच्छुक नहीं होता है, तो प्रतीक्षा सूची के अगले समूह को अवसर दिया जाएगा।