समाचार · हरियाणा
करनाल में युवक पर लगाए अपहरण के आरोप:ब्लैकमेल कर किया जबरन विवाह, नशीला पदार्थ देकर ली अश्लील तस्वीरें
करनाल जिला में कुंजपुरा थाना क्षेत्र की एक कॉलेज छात्रा ने युवक और उसके परिवार के सदस्यों पर अपहरण, नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने, अश्लील तस्वीरों के माध्यम से ब्लैकमेल करने, जबरन विवाह के लिए दबाव बनाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि उसे कई दिनों तक अलग-अलग जगहों पर रखा गया और परिवार से मिलने नहीं दिया गया। इसके अलावा घर से सोने-चांदी के आभूषण भी हड़प लिए गए। शिकायत मिलने के बाद कुंजपुरा थाना पुलिस ने बीती रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोस्ती के चलते युवक के घर आना-जाना हुआ, बाद में परेशान करने लगा
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह करनाल के एक प्राइवेट कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसकी कुंजपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ दोस्ती थी। इसी वजह से उसका अपनी दोस्त के घर आना-जाना था। आरोप है कि दोस्त का भाई उसे गलत नीयत से देखता था। वह उसके घर की गली में चक्कर लगाता था और कई बार कॉलेज जाते समय उसका रास्ता भी रोक चुका था। छात्रा के अनुसार, उसने कई बार युवक को समझाया, लेकिन उसने परेशान करना बंद नहीं किया। नशीला पदार्थ देकर तस्वीरें खींचीं, पैसों के लिए किया ब्लैकमेल
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने अपनी बहन के माध्यम से उसे नशीला पदार्थ खिलाया और उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद इन तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और पैसों की मांग की। बदनामी और डर के कारण उसे मजबूरी में पैसे देने पड़े, लेकिन आरोपी ने तस्वीरें डिलीट नहीं कीं। इसके बाद उसने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आभूषण देने गई तो मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर ले गए
शिकायत के अनुसार, बीती 2 अगस्त को शाम करीब 7:30 बजे पीड़िता आभूषण देने के लिए आरोपी के पास गई थी। वहां आरोपी के साथ एक अन्य लड़का भी मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाया और उसका मुंह दबाकर वहां से ले गए। रास्ते में उसे कोई पदार्थ सुंघाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी उसे जानकारी नहीं रही। जम्मू-कटरा के होटल में ले जाने और जबरन संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसे जम्मू-कटरा ले गया और वहां एक होटल में कमरा लिया। उसके आरोप के अनुसार, होटल में उसके साथ जबरदस्ती की गई और आपत्तिजनक तस्वीरें खींची गईं। बाद में इन तस्वीरों को दिखाकर उसे दोबारा ब्लैकमेल किया गया। उस पर जबरन विवाह करने का दबाव बनाया गया। साथ ही धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। न्यायालय के आदेश पर सेफ हाउस में रहने की व्यवस्था हुई
छात्रा के अनुसार, बाद में न्यायालय के माध्यम से करनाल के सेफ हाउस में उसके रहने की व्यवस्था कराई गई। जब उसके माता-पिता उससे मिलने पहुंचे तो आरोपी ने उस पर कुछ भी नहीं बताने का दबाव बनाया। आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने माता-पिता को पूरी बात बताई तो उन्हें जान से मरवा दिया जाएगा। इस डर के कारण वह अपने परिवार के सामने भी खुलकर कुछ नहीं बता सकी।
शिकायत में आगे बताया गया कि सेफ हाउस में रहने की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया। वहां कथित तौर पर आरोपी की मां और बहन ने भी उसके साथ मारपीट की। उसके माता-पिता उसे वापस घर लाने और मिलने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोप है कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों ने उन्हें उससे मिलने नहीं दिया। खाने में नशीला पदार्थ देने और कई दिनों तक प्रताड़ित करने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया जाता था, जिससे कई बार उसे होश नहीं रहता था। उसे कई दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाया गया। कई बार खाना नहीं दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। जब भी वह अपने माता-पिता से बात करने या उनके पास जाने की मांग करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। छात्रा के अनुसार, उसके शरीर पर मौजूद चोटों के निशान इस पूरे मामले की जांच में महत्वपूर्ण सबूत हो सकते हैं। मां, पिता, बहन और भाई की भूमिका की जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने आरोपी के अलावा उसके पिता, मां, बहन और भाई की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। उसका आरोप है कि आरोपी ने उससे लिए गए आभूषण अपने माता-पिता को दे दिए थे। जब उसने परिवार के सदस्यों से अपने आभूषण वापस मांगे तो उसके साथ हाथापाई की गई और धमकियां दी गईं।
पीड़िता के अनुसार, उस पर दबाव डालकर एक चिट्ठी लिखवाई गई, जिसमें यह लिखवाया गया कि आरोपी का परिवार अच्छा है और आभूषण उसके पास ही हैं। इसके अलावा दबाव बनाकर उसकी एक वीडियो भी बनवाई गई। इसमें उससे कहलवाया गया कि वह अपने परिवार में खुश है और अपने घर वापस नहीं जाना चाहती। फोन पर बातचीत भी स्पीकर पर कराई, आसपास खड़े रहते थे परिजन
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब भी उसकी माता-पिता से फोन पर बात कराई जाती थी तो आरोपी के परिवार के सदस्य आसपास खड़े रहते थे। फोन स्पीकर पर रखा जाता था और बातचीत की रिकॉर्डिंग भी की जाती थी। उस पर दबाव बनाया जाता था कि वह वही बात बोले जो आरोपी और उसके परिवार के लोग कहलवाना चाहते हैं।
छात्रा ने आशंका जताई है कि इस पूरे मामले में आरोपी के परिवार के अलावा दूसरे लोग भी शामिल हो सकते हैं। उसे संदेह है कि उसके पिता की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उसे और उसकी बहन को निशाना बनाया जा रहा है। उसने इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। करीब 10 तोले सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण हड़पने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में अपने कथित रूप से हड़पे गए आभूषणों की डिटेल भी दी है। इनमें करीब 3 तोले का सोने का गले का हार, चार सोने की अंगूठियां शामिल हैं। इनमें दो पुरुषों और दो महिलाओं की अंगूठियां हैं, जिनका कुल वजन करीब 2 तोले बताया गया है। इसके अलावा करीब 1 तोले का सोने का माथे का टीका, 1 तोला सोने की नाक की नथ, 1 तोला सोने के टॉप्स और 1 तोले का सोने का मंगलसूत्र शामिल हैं। चांदी की पाजेब का वजन करीब 250 ग्राम बताया गया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके कानों से टॉप्स जबरदस्ती निकालकर बेच दिए गए। उसकी जानकारी के अनुसार, टॉप्स बेचकर मिले पैसे आरोपी ने दमन नामक गेम में गंवा दिए। उसने पुलिस से सभी आभूषण बरामद करवाकर वापस दिलाने की मांग की है। मेडिकल, होटल, यात्रा और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग
पीड़िता ने पुलिस से अपने शरीर पर मौजूद चोटों, मेडिकल रिकॉर्ड, होटल और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही कॉल डिटेल, संदेश, तस्वीरों, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी जांच में शामिल करने की अपील की है। उसने दबाव में लिखवाई गई चिट्ठी, बनवाई गई वीडियो और फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग की परिस्थितियों की जांच कराने को कहा है।
उसने यह भी मांग की है कि उसका बयान स्वतंत्र वातावरण में महिला पुलिस अधिकारी के सामने दर्ज किया जाए और उसकी निजी तस्वीरों व अन्य संवेदनशील सामग्री की गोपनीयता बनाए रखी जाए। छात्रा ने अपने और परिवार के सदस्यों की जान-माल को खतरा बताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उसने कहा कि उसके माता-पिता बड़ी मुश्किल से उसे आरोपियों के कथित कंट्रोल से बाहर निकालकर अपने पास सुरक्षित लाए हैं। भविष्य में उसके या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होने पर नामजद लोगों की भूमिका की जांच की जाए। कुंजपुरा थाने में मामला दर्ज, एएसआई पूजा को सौंपी जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कुंजपुरा थाना पुलिस ने आरोपी युवक और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई पूजा को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, नामजद लोगों की भूमिका, कथित आभूषणों की बरामदगी और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जांच करेगी।
उपरोक्त न्यूज में चेक करो कि किसी का नाम तो नहीं लिखा हुआ है, अगर लिखा हुआ है तो वह मुझे बता देना कहा लिखा है।