समाचार · मध्य प्रदेश
बिजली के खंभे में करंट आने से भैंस की मौत:ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया; मालिक को 70 हजार का नुकसान
शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया तहसील की ग्राम पंचायत सागड़िया के ग्राम जावदी में बिजली विभाग की लापरवाही के आरोप के बाद एक भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। घटना रविवार सुबह की बताई गई है। जानकारी के अनुसार, जावदी निवासी राजपाल सिंह के पिता सुबह अपनी भैंस को घर से खेत की ओर ले जा रहे थे। तभी घर के बाहर बिजली के खंभे से लगी तान में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। राजपाल सिंह के पिता ने भैंस को करंट की चपेट से दूर किया। बिजली कंपनी ने फोन नहीं उठाया ग्रामीणों का कहना है कि अगर भैंस की जगह कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद बिजली विभाग को फोन कर सूचना देने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठने का आरोप है। भैंस की कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है। ग्रामीण ने बिजली विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पशु मालिक को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पशु मालिक को उचित मुआवजा दिलाने की मांग ग्रामीणों ने बिजली लाइन और खंभों की तुरंत जांच कराकर करंट फैलने की समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि को रोका जा सके। बिजली विभाग के जेई राहुल गौतम ने बताया कि सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। सुधार कार्य किया जा रहा है। साथ ही, पोल में करंट कैसे फैला, इसके कारणों की जांच की जाएगी और मौके पर पंचनामा भी बनाया जाएगा।