समाचार · पंजाब
पर्वतारोहण में उपयोग होने वाली रस्सी तकनीक की ट्रेनिंग दी
| जालंधर डीएवी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के पांच स्वयंसेवकों ने प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार के मार्गदर्शन में होशियारपुर के देहरियां में 3 से 7 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय साहसिक एवं पर्वतारोहण शिविर में सहभागिता की। यह शिविर पंजाब के युवा सेवाएं विभाग की ओर से आयोजित किया गया था। दल का नेतृत्व बी.कॉम. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी शिवम सफरी ने किया। दल में बी.ए. द्वितीय वर्ष के अर्शदीप सिंह तथा बी.बी.ए. द्वितीय वर्ष के दक्ष जैन, तन्मय भरमाकर और राहुल कुमार शामिल रहे। शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने पर्वतारोहण में उपयोग होने वाली विभिन्न रस्सी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने ज़िपलाइनिंग और पदयात्रा जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया। पदयात्रा के अंतर्गत लगभग दो घंटे की यात्रा कर दल एक बांध तक पहुंचा, जहां नौकायन कराया गया। शिविर संचालन के लिए रस्सी दल के नेतृत्वकर्ता, वरिष्ठ दलनायक और उपदलनायक भी नियुक्त किए गए तथा समयबद्धता, अनुशासन और सहयोग पर जोर रहा। बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। अलाव कार्यक्रम में कहानियां, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। एनएसएस समन्वयक डॉ. साहिब सिंह, प्रो. सुरुचि काटला, डॉ. गुरजीत कौर और डॉ. सुमित जलोटा ने स्वयंसेवकों की सराहना की। उप-प्राचार्य प्रो. कुंवर राजीव व प्रो. सोनिका दानिया, रजिस्ट्रार प्रो. अशोक कपूर और डिप्टी प्रो. मनीष खन्ना ने प्रतिभागियों को बधाई दी।