समाचार · मध्य प्रदेश
सड़क पर घायल को देख सांसद ने रुकवाया काफिला:परिजन डायल-100 का कर रहे थे इंतजार, विवेक तंखा ने फॉलो गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
नरसिंहपुर जिले के एनएच-45 पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सरसला गांव के पास हुए इस हादसे में 35 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर निवासी रामखिरिया के सिर में गंभीर चोट आई। वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना डायल-100 को दी थी। इसी बीच राज्यसभा सांसद विवेक तंखा का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क किनारे घायल युवक को देखकर सांसद ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने बिना देरी किए अपनी पुलिस फॉलो गाड़ी से घायल को अस्पताल भेजने का इंतजाम किया। पुलिस फॉलो गाड़ी घायल सुरेंद्र ठाकुर को प्राथमिक उपचार के लिए रोसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां उसका इलाज शुरू किया गया। सांसद के इस मानवीय कदम की स्थानीय लोगों ने तारीफ की है। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।