समाचार · मध्य प्रदेश
कोयले से भरा ट्रक घर पर पलटा:परिवार आगंन में था, 3 बकरियों की मौत, चालक घायल
शहडोल में एनएच-43 पर गुरुवार सुबह कोयले से भरा एक ट्रक सड़क किनारे बने मकान के कमरे पर पलट गया। ट्रक रामपुर खदान से कोयला लेकर अनूपपुर जा रहा था। अचानक टायर फटने से चालक का वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक के पलटने से कमरे को काफी नुकसान पहुंचा और उसकी चपेट में आने से तीन बकरियों की मौत हो गई। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य आंगन में थे, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना में ट्रक चालक घायल हो गया। अमलाई थाना क्षेत्र में एनएच-43 पर टायर फटने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरा और मकान के कमरे पर पलट गया। ट्रक के भारी वजन से कमरे और उसमें रखे सामान को नुकसान पहुंचा। हादसे की खबर मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया और घटना की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में टायर फटना हादसे की वजह बताई जा रही है।