Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

'कहीं फिर न लौट आए अंडरवर्ल्ड का दौर!' बॉलीवुड की सुरक्षा पर फिल्म इंडस्ट्री ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी

INT News3 November 2026 at 11:01 pm

बॉलीवुड में एक बार फिर गैंगस्टर्स और आपराधिक गिरोहों का डर चर्चा में है। फिल्मी सितारों के घरों के बाहर फायरिंग से लेकर धमकियों तक की घटनाओं ने इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है. अब फिल्म कर्मचारियों के संगठन ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर मदद मांगी है. संगठन ने कहा है कि मुंबई को दोबारा 90 के दशक वाले अंडरवर्ल्ड के दौर में नहीं लौटने देना चाहिए.

PM मोदी से की चार बड़ी मांगें

AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने 3 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा. इसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों, तकनीशियनों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई.

संगठन ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं. इनमें फिल्मी हस्तियों और उनके परिवारों को सुरक्षा देना, गैंगस्टर्स और जबरन वसूली करने वाले गिरोहों पर सख्त कार्रवाई करना, ऐसे नेटवर्क की जांच NIA से कराना और धमकी व हमले के मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करना शामिल है.

सलमान खान से लेकर टाइगर श्रॉफ तक का जिक्र

अपने पत्र में AICWA ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई चर्चित मामलों का हवाला दिया है. इनमें बाबा सिद्दीकी की हत्या, सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग और सैफ अली खान पर हुआ हमला शामिल है.

इसके अलावा फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग और कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया गया है. संगठन ने टाइगर श्रॉफ से जुड़े हालिया गोलीबारी के मामले को लेकर भी चिंता जताई है.

पत्र में अमिताभ बच्चन का उदाहरण देते हुए कहा गया कि उन्हें भी अब अपने प्रशंसकों से बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से मिलना पड़ रहा है. संगठन का कहना है कि जब बड़े सितारों को भी सुरक्षा के लिए ऐसे इंतजाम करने पड़ रहे हैं, तो यह पूरी इंडस्ट्री के लिए चिंता की बात है.

ये भी पढ़ें: Tiger Shroff पर फायरिंग से दहली बॉलीवुड इंडस्ट्री, Salman Khan समेत इन सितारों पर भी हो चुके हैं हमले

90 के दशक वाला अंडरवर्ल्ड का दौर नहीं चाहिए

AICWA ने कहा कि मुंबई पहले भी 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड का डर देख चुकी है. उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकियों और जबरन वसूली का सामना करना पड़ता था. संगठन नहीं चाहता कि शहर और फिल्म इंडस्ट्री दोबारा ऐसे हालात में पहुंचे.

एसोसिएशन का कहना है कि कलाकारों के साथ-साथ पर्दे के पीछे काम करने वाले तकनीशियनों और दूसरे कर्मचारियों को भी सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए. किसी को भी डर के साये में काम नहीं करना चाहिए. अब देखना होगा कि संगठन की इस मांग पर केंद्र सरकार क्या कदम उठाती है.

ये भी पढ़ें: Tiger Shroff पर फायरिंग से दहली बॉलीवुड इंडस्ट्री, Salman Khan समेत इन सितारों पर भी हो चुके हैं हमले