Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीईओ के स्कूल के औचक निरीक्षण में दिखी हकीकत:क्लास में कम छात्र, गायब शिक्षक और मिड-डे मील में गड़बड़ी मिली; थमाए नोटिस

INT News22 July 2026 at 06:49 pm

भिण्ड के सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत परखने निकले जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीरसिंह चौहान को उमरी हायर सेकेंडरी स्कूल में कई खामियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान छात्रों की कम उपस्थिति, शिक्षकों की अनुपस्थिति, मिड-डे मील में निर्धारित मीनू का पालन नहीं होना और परिसर में अव्यवस्था सामने आई। इस पर सीईओ ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और संस्था प्रमुख को सुधार के निर्देश दिए, जबकि मिड-डे मील संचालित करने वाले समूह और अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई के आदेश दिए। बुधवार को हुए औचक निरीक्षण में सीईओ ने सबसे पहले कक्षाओं का जायजा लिया। कम छात्र संख्या पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शिक्षकों से कहा कि केवल औपचारिक पढ़ाई से काम नहीं चलेगा। अभिभावकों से लगातार संपर्क बढ़ाकर और गतिविधि आधारित शिक्षण अपनाकर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। निरीक्षण में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। जलभराव वाले स्थानों को तत्काल भरने और पूरे परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवन का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र को असुरक्षित भवन में नहीं बैठाया जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराया जाए। मध्याह्न भोजन की जांच में निर्धारित मीनू के अनुरूप भोजन नहीं मिलने पर संबंधित स्व-सहायता समूह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय की प्रयोगशाला और अन्य शैक्षणिक संसाधनों को व्यवस्थित रखने के लिए भी संस्था प्रमुख को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में संचालित आधार केंद्र की कार्यप्रणाली भी देखी गई। जिन हितग्राहियों के आधार में संशोधन लंबित थे, उन्हें शीघ्र प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए। वहीं निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले शिक्षकों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया। स्कूल निरीक्षण के बाद सीईओ वीरसिंह चौहान ने शांतिधाम में निर्माणाधीन सीसी रोड का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।