समाचार · छत्तीसगढ़
दुर्ग में 600 नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार:नदी रोड पर नशीली दवाइयों की सप्लाई से पहले पुलिस की दबिश, यूपी का युवक खोज रहा था ग्राहक
दुर्ग में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नदी रोड स्थित जैन मंदिर के पास घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 600 नशीली टैबलेट, 3 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2.48 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक वह इलाके में नशीली दवाइयों की बिक्री की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार बुधवार 22 जुलाई को सिटी कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली कि नदी रोड पर जैन मंदिर के पास एक व्यक्ति लाल रंग का कैरी बैग लेकर घूम रहा है। उसके पास बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट हैं और वह ग्राहकों की तलाश में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। 600 नशीली टैबलेट हुई बरामद
पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोका और पूछताछ की। उसने अपना नाम उमेश कुमार मौर्य (37) निवासी ग्राम माण्डा, थाना माण्डा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 600 नशीली टैबलेट बरामद हुईं। इसके अलावा उसके पास से बिक्री के 3 हजार रुपए नकद और एक विवो कंपनी का मोबाइल भी मिला। पुलिस ने मौके पर ही सभी सामान को जब्त कर लिया। जब्त की गई नशीली टैबलेट की कीमत करीब 2.40 लाख रुपए आंकी गई है। नकद रकम और मोबाइल को मिलाकर कुल जब्ती 2.48 लाख रुपए की है। पुलिस ने भेजा जेल
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सार्वजनिक जगह पर ग्राहकों की तलाश कर नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री करने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की और उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी यह नशीली दवाइयां कहां से लेकर आया था और इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था। इस मामले में उसके नेटवर्क और अन्य संभावित लोगों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।